Sonam Wangchuk के समर्थन में Jantar Mantar पहुंचीं Dimple Yadav, सांसद-विधायकों संग लगाए गए ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक से मिलने गुरुवार (16 जुलाई) को समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव पहुंचीं। उनके साथ पार्टी के कई सांसद और विधायक भी मौजूद रहे। इस दौरान मंच पर उनके पहुंचते ही प्रदर्शन स्थल पर ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे गूंजने लगे।

20 जुलाई के मार्च में शामिल होने की युवाओं से अपील

सोनम वांगचुक से मुलाकात के बाद डिंपल यादव ने युवाओं से 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है और मैं सभी युवाओं से अपील करना चाहती हूँ कि वे 20 तारीख को यहाँ से संसद तक होने वाले मार्च में शामिल हों, क्योंकि यह आपके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है.”

डिंपल यादव ने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक ने उन्हें बताया है कि वह 20 जुलाई को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर देंगे।

भूख हड़ताल समाप्त करने का किया अनुरोध

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने बताया कि डिंपल यादव ने सोनम वांगचुक से 20 जुलाई को अपना अनशन समाप्त करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “मैम डिंपल यादव ने सर सोनम वांगचुक से 20 तारीख को अपनी भूख हड़ताल खत्म करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि इसके बाद उनकी पार्टी संसद में इस लड़ाई को आगे बढ़ाएगी, यह मैम का अनुरोध था, लेकिन सर सोनम वांगचुक ने इस पर अभी तक कुछ नहीं कहा है.”

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी है आंदोलन

सोनम वांगचुक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों और समर्थकों से 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च को सफल बनाने की अपील भी की है।

सपा के कई सांसद और विधायक रहे मौजूद

डिंपल यादव के साथ समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी जंतर-मंतर पहुंचे। इनमें मुरादाबाद से सांसद रुचि वीरा, फतेहपुर से सांसद नरोत्तम पटेल, बदायूं से सांसद धर्मेंद्र मलिक, रामपुर से सांसद मोहिबुल्लाह नदवी और मछलीशहर से विधायक रागिनी सोनकर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *