नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की संगठनात्मक क्षमता की तारीफ करने के बाद कांग्रेस के भीतर मचे कथित घमासान पर वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने चुप्पी तोड़ी है। अपने बयान को लेकर पार्टी के दो धड़ों में बंटने की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। दिग्विजय सिंह ने साफ कर दिया है कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और गांधी परिवार में फूट डालने की विरोधियों की कोई भी साजिश कामयाब नहीं होगी।
‘बांटो और राज करो की राजनीति करती है बीजेपी’
दिग्विजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ताधारी दल की नीति हमेशा से “बांटो और राज करो” की रही है। उन्होंने नेहरू-गांधी परिवार की अटूट एकजुटता का हवाला देते हुए कहा, “यह एक ऐसा परिवार है जिसके दो सदस्य (इंदिरा गांधी और राजीव गांधी) देश के लिए शहीद हुए हैं. इसलिए उनके बीच कभी फूट नहीं पड़ सकती, चाहे कितनी भी कोशिशें की जाएं.” उन्होंने जोर देकर कहा कि वे इस परिवार में दरार पैदा करने की बीजेपी की कोशिशों की कड़ी निंदा करते हैं।
संगठन को मजबूत कर रहे हैं राहुल गांधी
पार्टी के भीतर विचारधारा के टकराव की बातों को नकारते हुए उन्होंने कहा कि हम सब एक हैं और विचारधारा में कोई अंतर नहीं है। संगठन की मजबूती पर बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने बताया कि राहुल गांधी ने काफी पहले ही जिला और उससे निचले स्तर से संगठन को मजबूत करने की पहल शुरू कर दी थी। इसकी प्रक्रिया चल रही है और यह काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।