राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ धन्नीपुर मस्जिद की भी बुनियाद रखें पीएम मोदी, मुस्लिम समाज ने की मांग

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है, लेकिन धन्नीपुर मस्जिद का निर्माण अभी भी शुरू नहीं हो पाया है। मुस्लिम समाज ने धन्नीपुर मस्जिद की बुनियाद पीएम मोदी के हाथों रखने की मंशा जताई है।

कई मुस्लिमों ने धन्नीपुर में प्रस्तावित मस्जिद की बुनियाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कराने की मांग की है। प्रधानमंत्री 22 जनवरी को अयोध्या में प्रस्तावित श्रीराम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने आ रहे हैं।

बाबरी मस्जिद को लेकर संघर्षशील रहे इंडियन मुस्लिम लीग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.नजमुल हसन गनी का कहना है कि धन्नीपुर में सुप्रीम कोर्ट की ओर से मस्जिद निर्माण के लिए दी पांच एकड़ भूमि दी गई है, जिस पर मस्जिद बनना है। अगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या आ रहे हैं तो वह अपने साथ आल इंडिया इमाम संगठन के अध्यक्ष मौलाना डा.उमेर इलियासी और जामा मस्जिद दिल्ली के इमाम अहमद बुखारी को भी लेकर आएं और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर राज्य सरकार की ओर से सोहावल के धन्नीपुर गांव में दी गई जमीन पर मस्जिद निर्माण की बुनियाद रखें।

बाबरी मस्जिद मामले से जुडे़ रहे मौलाना हसबुल्लाह खां बादशाह का कहना है कि जब प्रधानमंत्री अयोध्या आएं और राममंदिर का उदघाटन करें तो वह सुप्रीम कोर्ट ने धन्नीपुर गांव में बाबरी मस्जिद के लिए जो जगह दी है वहां भी पहुंचे और ऐसी अजीमुश्शान मस्जिद का निर्माण कराएं ताकि दुनिया के लोग वहां आएं और अपने पालनहार की वंदना और इबादत कर सकें। इस्माइल अंसारी का कहना है कि मुझे खुशी है कि अयोध्या में प्रधानमंत्री बहुत शुभ अवसर पर आ रहे हैं। मेरी उनसे इल्तिजा है कि वह धन्नीपुर में राज्य सरकार ने जो जमीन दी है वहां मस्जिद का निर्माण रुका हुआ है, उसे पूरा करा दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *