बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार (18 अक्तूबर 2025) दोपहर को भयावह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज़ थी कि कुछ ही मिनटों में कार्गो टर्मिनल धधक उठा और धुआं कई किलोमीटर दूर तक फैल गया। हालात बिगड़ते देख एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत सभी उड़ानों पर रोक लगा दी और कई फ्लाइट्स को रूट डायवर्ट करना पड़ा।
कार्गो एरिया में दोपहर 2:15 बजे लगी आग
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब 2:15 बजे कार्गो क्षेत्र में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि 3 बजे तक पूरा कार्गो विलेज धुएं से भर गया।
एहतियातन दिल्ली से ढाका जा रही एक फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया, जबकि कई अन्य उड़ानें रद्द कर दी गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, और नुकसान का भी पूरा आकलन नहीं हुआ है।
सेना और नौसेना भी बचाव में शामिल
फायर सर्विस एंड सिविल डिफेंस के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई यूनिट्स मौके पर पहुंचीं। बाद में बांग्लादेश एयर फोर्स और नेवी की टीमें भी आग बुझाने के अभियान में शामिल हुईं।
CAAB (Civil Aviation Authority of Bangladesh) के अधिकारियों ने बताया कि सभी विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ रोक दिए गए हैं, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ है।
ढाका में उतरने वाली कम से कम 9 उड़ानों को चटगांव और सिलहट एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया डरावना मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि आग लगते ही लोगों में अफरातफरी मच गई, और कई यात्री व कर्मचारी जान बचाने के लिए भागने लगे। सेना, नौसेना, वायुसेना और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवान भी आग बुझाने और राहत कार्यों में जुट गए।
पांच दिन में तीसरी बड़ी आग
यह घटना बांग्लादेश में पांच दिनों के भीतर तीसरी बड़ी आग है।
- 16 अक्तूबर को चटगांव की एक आठ मंजिला फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी, जिससे इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई।
- इससे पहले 14 अक्तूबर को ढाका की एक चार मंजिला कपड़ा फैक्ट्री और केमिकल वेयरहाउस में आग लगने से 16 मजदूरों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे।