दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर हमला करने वाला निकला डॉग लवर, आरोपी की मां ने खोला राज़

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह जनसुनवाई के दौरान हुए हमले ने राजधानी में सनसनी फैला दी। हमलावर की पहचान गुजरात निवासी राजेशभाई खिमजीभाई सकरिया (41 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो ड्राइवर है।

आरोपी की मां ने बताई वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि राजेश मूल रूप से राजकोट (गुजरात) का रहने वाला है। पूछताछ में उसकी मां भानु बेन ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा—
“मेरा बेटा पशु प्रेमी है और डॉग से जुड़े मुद्दे को लेकर दुखी था। इसी वजह से वह दिल्ली गया था।”

पशु प्रेम और शिव भक्ति से जुड़ा है आरोपी

राजेश के पड़ोसियों के मुताबिक वह डॉग और गायों को रोज़ खाना खिलाता था। कई बार लोगों से मांगकर भी जानवरों को रोटी खिलाने की आदत थी। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि राजेश गहरे शिवभक्त हैं और अक्सर धार्मिक गतिविधियों में शामिल रहते थे।

कैसे हुआ हमला?

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान राजेश पहले शांति से बैठा हुआ था। लेकिन जैसे ही उसकी बारी आई, वह अचानक मंच की ओर बढ़ा और सीएम रेखा गुप्ता के बाल पकड़कर थप्पड़ मार दिया। कुछ चश्मदीदों ने बताया कि आरोपी सीएम से महज़ एक हाथ की दूरी पर था और थप्पड़ की आवाज़ उन्होंने भी सुनी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले के पीछे की पूरी मंशा जानने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *