
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीपोत्सव- 2023 के तहत राम की पैड़ी और अन्य घाटों पर 21 लाख दीए जगमगाएंगे। दीपोत्सव के पिछले रिकार्ड को मात देकर नया रिकार्ड बनाने के लिए विवि प्रशासन ने कमर कस ली है।
दीपोत्सव कार्यक्रम के लिए कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल के निर्देश पर गणित एवं सांख्यिकी विभाग के प्रो. एसएस मिश्र को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके अलावा आयोजन की सफलता के लिए अन्य समितियों के गठन की कवायद शुरू हो गई है।
आगामी 11 नवंबर को आयोजित दीपोत्सव-2023 में राम की पैड़ी व अन्य घाटों पर दीए जलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड बनाने के लिए विवि प्रशासन तैयारी में जुट गया है। प्रदेश सरकार की ओर से दापोत्सव में 21 लाख दीए जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसे भेदने के लिए विवि प्रशासन की ओर से 25 हजार वालेंटियर तैनात करने की योजना है। दीपोत्सव को भव्य रूप देने के लिए एक दर्जन से अधिक समितियों का गठन करने की योजना है। जल्द ही समिति के संयोजकों एवं सदस्यों को दायित्व सौंपे जाने पर कार्य चल रहा है। मालूम हो कि दीपोत्सव-2022 में राम की पैड़ी सहित 38 घाटों पर 15 लाख से अधिक दीए जलाकर नया रिकार्ड बनाया गया था। इसके लिए 22 हजार वालेंटियर ने 17 लाख दीए बिछाए थे। इस बार दीपोत्सव में राम की पैड़ी व अन्य घाटों पर 21 लाख दीए जलाने के लिए 22 लाख से अधिक दीए बिछाने की योजना है।
25 हजार वालंटियर बिछाएंगे दीए
अवध विश्वविद्यालय और उससे सम्बद्ध महाविद्यालयों के 25 हजार वालेंटियर विभिन्न घाटों पर तैनात किए जाएंगे जा दीयों को बिछाने का कार्य करेंगे। इसके अलावा सभी घाटों पर समन्वयक भी तैनात होंगे, जिनकी मानीटरिंग में दीए बिछाने व जलाने का कार्य होगा। अवध विवि के मीडिया प्रभारी डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया कि दीपोत्सव के ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए विवि में तैयारी चल रही है। जल्द ही समितियों का गठन होगा और सभी को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।