Corona Cases In India: कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी: 1200 से अधिक एक्टिव केस, 12 की मौत

Corona Cases In India: कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी: 1200 से अधिक एक्टिव केस, 12 की मौत

Corona Cases In India: कोरोना वायरस का कहर फिर से बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में एक्टिव कोरोना केसों की संख्या अब 1200 के पार पहुँच चुकी है। इनमें से सबसे अधिक 430 मामले केरल से सामने आए हैं, जबकि महाराष्ट्र में 208 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। दिल्ली और कर्नाटक में भी 100 से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं।

बीते 24 घंटों में बिहार और अरुणाचल प्रदेश में नए मामले:

अगर पिछले 24 घंटों की बात करें तो बिहार में 6 नए कोरोना मामले सामने आए हैं, जबकि अरुणाचल प्रदेश में एक व्यक्ति कोविड पॉजिटिव पाया गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इन नए मामलों में बढ़ोतरी का प्रमुख कारण कोरोना के नए वेरिएंट JN.1 को माना जा रहा है।

JN.1 वेरिएंट: ओमिक्रॉन का नया रूप

JN.1 वेरिएंट, ओमिक्रॉन के BA.2.86 सब-वेरिएंट का एक स्ट्रेन है, जिसे ‘पिरोला’ भी कहा जाता है। इसमें लगभग 30 म्यूटेशन पाए गए हैं, जो वायरस को इम्यून सिस्टम से बचने और तेजी से फैलने में मदद करते हैं।

एम्स के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने बताया, “JN.1 वेरिएंट दुनिया भर में सबसे ज्यादा फैल रहा है। इसमें कुछ ऐसे म्यूटेशन हैं जो इसे तेजी से फैलने में सक्षम बनाते हैं। हालांकि, अधिकांश लोगों में पहले से हुई संक्रमण या टीकाकरण से कुछ हद तक इम्यूनिटी बनी हुई है।”

चंडीगढ़ में कोविड से पहली मौत

चंडीगढ़ में इस साल कोविड संक्रमण से पहली मौत का मामला सामने आया है। लुधियाना के एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत सेक्टर-32 के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में हुई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था और कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा, “अब तक जो मामले सामने आए हैं, वे गंभीर नहीं हैं। हालांकि, वायरस तेजी से फैल रहा है, लेकिन घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *