
अलका लांबा ने कांग्रेस पार्टी की तरफ से दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों को लेकर जो कुछ भी बयान दिया उससे खलबली मच गई। यहां तक कयास लगने लगे कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच रार बढ़ गई है और अब INDIA गठबंधन में दरार आने लगी है।अब अचानक कांग्रेस ने इससे यू-टर्न ले लिया है। दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने अलका लांबा को लेकर कह दिया है कि वो इन मुद्दों पर बोलने के लिए अधिकृत प्रवक्ता नहीं हैं। दीपक बाबरिया ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘अलका लांबा एक प्रवक्ता हैं लेकिन ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात करने के लिए वह अधिकृत प्रवक्ता नहीं हैं। मैंने प्रभारी के तौर पर कहा है कि आज बैठक में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई। मैं अलका लांबा के बयान का खंडन करता हूं।’ दीपक बाबरिया ने आगे कहा कि बैठक ख़त्म होने के बाद मैंने साफ़ कहा कि बैठक में चुनाव या गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। मैंने यह भी कहा कि INDIA गठबंधन की कोई भी चर्चा केवल मल्लिकार्जुन खरगे की उपस्थिति में होगी।
दीपक बाबरिया ने प्रियंका कक्कड़ के बयान को लेकर आम आदमी पार्टी को भी सलाह देते हुए कहा है कि आप को ऐसे बयान मीडिया में देने से पहले समझना चाहिए। दीपक बाबरिया ने कहा, ‘उन्हें भी समझना चाहिए कि पूरी मीडिया बीजेपी को सपोर्ट करना चाहती है। वो आपको उकसाना चाहती है। आपको ऐसे बयान देने के लिए उकसाना चाहती है। मैं समझता हूं कि यह सबसे ज्यादा दुर्भाग्य की बात है।’ उन्होंने आगे कहा कि कुछ कल्पनीय बयान देना…और अगर किसी को लगता है कि हमारे प्रवक्ता ने अपरिपक्व बयान दिया है तो उन्हें यह सबकुछ मुझसे बात कर के साफ करना चाहिए।
इससे पहले अलका लांबा ने मीडिया से बातचीत में कहा था, ‘कांग्रेस नेताओं की तीन घंटे बैठक हुई थी। उन्होंने बताया था कि इस बैठक में दिल्ली की सभी सातों सीटों पर लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई थी। बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि दिल्ली की सभी सातों सीट पर पार्टी मजबूती के साथ उतरेगी। अलका लांबा ने कहा था कि हम लोकसभा चुनाव में अकेले ही उतरेंगे अभी इसपर कोई फैसला नहीं हुआ है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद पूरा देश भाजपा के खिलाफ कांग्रेस को पूरे देश में एक मजबूत विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। इसके साथ ही अलका लांबा ने यह कहा था कि बैठक में मौजूद नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आदेश दिया है कि वो दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीट पर चुनाव की तैयारी करें।
अलंका लाबा के इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं के तरफ से भी प्रतिक्रियाएं आई हैं। आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अगर कांग्रेस गठबंधन नहीं करना चाहती है तो INDIA की अगली बैठक में हमारा जाना बेकार है। यह समय की बर्बादी है। आप नेताओं की तरफ से आ रहे बयान के बाद दीपक बाबरिया मीडिया के सामने आए और उन्होंने कहा कि अलका लंबा ऐसे अहम मसलों पर बोलने के लिए अधिकृत प्रवक्ता नहीं हैं।