Cockroach Janta Party: सरकार ने लगाया बैन तो और बढ़ा समर्थन? ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर योगेंद्र यादव का बड़ा बयान

सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता Yogendra Yadav ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस व्यंग्यात्मक डिजिटल प्लेटफॉर्म का समर्थन करते हुए लोगों से इसके इंस्टाग्राम अकाउंट को फॉलो करने की अपील की। योगेंद्र यादव ने कहा कि किसी व्यंग्य या मजाक को सहन न कर पाने वाली सरकार खुद अपनी स्थिति को उजागर कर रही है।

‘सरकार चुटकुला नहीं सह पा रही तो मतलब साफ है’

योगेंद्र यादव ने कहा, “जो सरकार चुटकुला नहीं सह पा रही, इसका मतलब है कि वो खुद एक चुटकुला है।” उन्होंने आगे कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के X अकाउंट पर लगाए गए प्रतिबंध से यह साफ होता है कि सरकार बाहर से भले ही मजबूत दिखाई देती हो, लेकिन भीतर से असुरक्षित और घबराई हुई है।

उन्होंने कहा कि “कॉकरोच के सिंबल के पीछे इस देश के नौजवान हैं, युवतियां हैं, उनका गुस्सा है। आज हमारी एक ही ड्यूटी है कि उनके साथ खड़े हों।”

इंस्टाग्राम फॉलो करने की अपील, सरकार को बहाना न देने की सलाह

योगेंद्र यादव ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के इंस्टाग्राम अकाउंट को फॉलो करें। उन्होंने इसे एक बड़ी शुरुआत बताया और समर्थकों से संयम बरतने की भी सलाह दी।

उन्होंने कहा, “बस एक ध्यान रखिए कि कुछ ऐसी हरकत न हो जिससे सरकार को मौका मिले। सरकार बहाने की तलाश में होगी। हमें वो बहाना नहीं देना है।”

X पर बैन के बाद बना नया हैंडल ‘Cockroach Is Back’

पिछले सप्ताह शुरू हुए व्यंग्यात्मक डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का X अकाउंट गुरुवार 21 मई को भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया। अकाउंट पर कार्रवाई के तुरंत बाद ‘Cockroach Is Back’ नाम से नया हैंडल बनाया गया।

प्लेटफॉर्म के संस्थापक Abhijeet Deepke ने इसे सरकार की बड़ी गलती बताया। उन्होंने कहा, “मैंने अब X पर ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से एक नया अकाउंट शुरू किया है। टीम इस मामले को कानूनी रूप से आगे बढ़ाएगी।”

दीपके ने जानकारी दी कि नया हैंडल शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर ही 16,800 से ज्यादा फॉलोअर्स तक पहुंच गया था। उनके अनुसार, पुराने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अकाउंट पर लगभग 2.01 लाख फॉलोअर्स थे।

चीफ जस्टिस की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ प्लेटफॉर्म

यह पूरा विवाद भारत के चीफ जस्टिस Surya Kant की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। एक वकील को फटकार लगाते समय उन्होंने परजीवियों और कॉकरोच का जिक्र किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इस विषय को लेकर बहस छिड़ गई।

हालांकि बाद में चीफ जस्टिस ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा था कि उनका बयान उन लोगों के संदर्भ में था जो फर्जी डिग्रियों के जरिए कानून के पेशे में प्रवेश कर रहे हैं।

15 मई को बना प्लेटफॉर्म, तेजी से हुआ वायरल

चीफ जस्टिस की टिप्पणी के अगले दिन यानी 15 मई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का यह व्यंग्यात्मक प्लेटफॉर्म सामने आया। कुछ ही दिनों में यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कलाकारों तथा बड़ी संख्या में युवाओं और बुजुर्ग सोशल मीडिया यूजर्स का समर्थन मिलने लगा।

हालांकि X पर इसका अकाउंट भारत में बंद कर दिया गया है, लेकिन इंस्टाग्राम पेज अभी भी सक्रिय है। रिपोर्ट के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर इसके करीब 1.43 लाख फॉलोअर्स हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *