लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसानों के लिए खाद की कोई कमी नहीं है। कृषि विभाग के अनुसार सभी 18 मंडलों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है और बिक्री सुचारू रूप से हो रही है। सरकार ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि अनावश्यक जमाखोरी और भंडारण से बचें।
पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
कृषि विभाग के आंकड़ों के मुताबिक खरीफ सत्र 2024 में 18 अगस्त तक 36.76 लाख टन खाद की बिक्री हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 42.64 लाख टन खाद किसानों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। सरकार ने कहा कि कृषि संबंधी मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
सीएम योगी की किसानों से अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से अपील की है कि वे केवल उतनी ही खाद खरीदें, जितनी आवश्यकता हो। उन्होंने कहा कि हर जिले में शिकायत प्रकोष्ठ बनाए गए हैं, किसी भी समस्या की स्थिति में किसान सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी
सीएम योगी ने खाद की कालाबाजारी करने वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे समय-समय पर निरीक्षण करें, किसानों से संवाद बनाकर रखें और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करें।
पिछले साल से ज्यादा खाद वितरण
कृषि विभाग के अनुसार पिछले वर्ष 27.25 लाख टन यूरिया का वितरण हुआ था, जबकि इस साल अब तक 31.62 लाख टन यूरिया बांटा जा चुका है।
- डीएपी: 2024 में 5.28 लाख टन, इस साल 5.38 लाख टन
- एनपीके: 2024 में 2.07 लाख टन, इस साल 2.39 लाख टन
- एमओपी: 2024 में 25 हजार टन, इस साल 46 हजार टन
- एसएसपी: 2024 में 1.91 लाख टन, इस साल 2.79 लाख टन
सरकार का दावा है कि इस साल पिछले साल की तुलना में किसानों को ज्यादा खाद उपलब्ध कराया गया है और आगे भी इसकी कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।