सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान- “यूपी से ही है भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र”

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसमें उत्तर प्रदेश की चुनावी प्रक्रिया की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था में 12 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान करते हैं, जो किसी भी अन्य राज्य की कुल आबादी से अधिक है।

अवध विहार योजना में निर्वाचन भवन का शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवध विहार योजना में उत्तर प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के आधुनिक कार्यालय भवन का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “यह भवन पारदर्शी और सुव्यवस्थित निर्वाचन व्यवस्था को नई मजबूती देगा तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाएगा।”

यूपी में सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया

योगी ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान समय में 57,600 ग्राम पंचायतें, 826 क्षेत्र पंचायतें और 75 जिला पंचायतें हैं। वहीं, शहरी निकायों में 17 नगर निगम, 199 नगर पालिकाएं और 544 नगर पंचायतें हैं। इन सभी के साथ करीब 14,000 से अधिक पार्षदों के चुनाव भी राज्य निर्वाचन आयोग कराता है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी चुनावी प्रक्रिया उत्तर प्रदेश को लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव बनाती है।

“जनता लोकतंत्र की जनार्दन”

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र की ताकत को रेखांकित करते हुए कहा, “जनता केवल मतदाता नहीं है बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की जनार्दन है। यदि कोई जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं की अनदेखी करता है तो पांच साल बाद जनता उसे नकार देती है।”

50 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक भवन

बयान के अनुसार, करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह निर्वाचन भवन 2618.59 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैला होगा और इसमें छह मंजिलें होंगी। सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से भवन की छत पर 25,000 लीटर क्षमता का आरसीसी टैंक और भूमिगत स्तर पर एक लाख लीटर की क्षमता वाला टैंक स्थापित किया जाएगा।

लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में ऐतिहासिक कदम

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग का अपना भवन होना लोकतंत्र की मजबूती की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे आयोग पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव की विशाल प्रक्रिया को और बेहतर तरीके से संपन्न कर सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *