उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े विवाद और कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग अयोध्या की आड़ में देश की अस्मिता और करोड़ों लोगों की आस्था पर प्रहार करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
लखनऊ में आयोजित ‘रिपब्लिक भारत’ के विशेष कॉन्क्लेव ‘ऊंचाइयों पर यूपी’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के लिए राष्ट्र सर्वोपरि नहीं है, वे लगातार देश की आस्था और राष्ट्रीय मूल्यों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
‘SIT कर रही निष्पक्ष जांच, दोषियों पर हो रही कार्रवाई’
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे भी दिए जा चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना की आड़ में कुछ लोग हिंदू धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने और आस्था के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोग पहले भी गरीबों के अधिकारों का नुकसान पहुंचाते रहे हैं और हनुमानगढ़ी जैसे पवित्र स्थल पर नमाज पढ़वाने का प्रयास कर चुके हैं। उन्होंने जनता से ऐसी ताकतों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
2017 से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी बोले
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में हर तीसरे दिन दंगे होते थे और कई क्षेत्रों में लंबे समय तक कर्फ्यू लगा रहता था। उन्होंने दावा किया कि उस समय बेटियों, व्यापारियों और किसानों के बीच असुरक्षा का माहौल था, जबकि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश की पहचान दंगा और कर्फ्यू मुक्त राज्य के रूप में बनी है।
निवेश, रोजगार और अर्थव्यवस्था का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। उनके अनुसार, राज्य को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान मिली है। वर्तमान में राज्य में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिनसे लगभग सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश से 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के ODOP उत्पादों का निर्यात किया जा रहा है।
यूपी की अर्थव्यवस्था और विकास पर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश का बजट अब 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। प्रति व्यक्ति आय, महिला कार्यबल की भागीदारी और रोजगार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, रेलवे, सिंचाई परियोजनाओं, चीनी उद्योग, गन्ना उत्पादन, एथेनॉल उत्पादन और किसानों के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं।