त्योहारों पर शांति और सुरक्षा सर्वोपरि, CM योगी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश — अराजक तत्वों पर हो कठोर कार्रवाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी त्योहार शांति, सौहार्द और स्वच्छता के माहौल में सम्पन्न हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि अराजक तत्वों से सख्ती से निपटें, संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए और हर स्तर पर चौकसी रखी जाए।

त्योहारों में शांति और सुरक्षा पर फोकस

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित बैठक में सीएम योगी ने कहा कि सभी पर्व और त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिया, “माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए और फुट पेट्रोलिंग को नियमित रखा जाए।”
उन्होंने दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी, “आबादी वाले क्षेत्रों में न पटाखों के गोदाम होंगे और न बिक्री की अनुमति दी जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।”

अयोध्या और वाराणसी में विशेष तैयारी

सीएम योगी ने अयोध्या दीपोत्सव और वाराणसी देव-दीपावली जैसे बड़े आयोजनों को लेकर अधिकारियों को विशेष तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में सुरक्षा, सेफ्टी और क्राउड मैनेजमेंट की व्यवस्था “पहले से और बेहतर” होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साल लाखों श्रद्धालुओं ने इन आयोजनों में भाग लिया था, इसलिए इस बार सुरक्षा, सुविधाओं और सफाई पर दोगुना ध्यान दिया जाए।

यूपीपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी न हो

सीएम योगी ने 12 अक्टूबर को होने वाली UPPSC प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और नकलमुक्त होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि “अभ्यर्थियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”

स्वदेशी मेलों को बढ़ावा देने की अपील

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आगामी पर्वों के दौरान जिलों में आयोजित स्वदेशी मेलों को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा, “लोगों को स्थानीय उत्पाद खरीदने के लिए प्रेरित करें। इससे ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सहारा मिलेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *