CM Yogi in Bulandshahr: ‘ना कर्फ्यू, ना दंगा, माफिया का सफाया’, विपक्ष पर बरसे योगी, विकास परियोजनाओं की दी सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। शिकारपुर स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में छात्रों, अभिभावकों और प्रबुद्धजनों से संवाद करने के बाद उन्होंने बुलंदशहर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विपक्ष को निशाने पर लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज प्रदेश में ‘ना कर्फ्यू है, ना दंगा’ और सरकार ने माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है.” उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा रहा है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है।

2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश की पहचान गड्ढों, अंधेरे, दंगों और अपराध से होती थी। उन्होंने दावा किया कि व्यापारी और बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं तथा कई जिलों में माफिया और अवैध वसूली का बोलबाला था।

उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकारी नौकरियों और व्यवस्थाओं पर कुछ परिवारों का प्रभाव था, जबकि वर्तमान सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पहले जिन सरकारी योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचना चाहिए था, उन्हें जानबूझकर रोका जाता था, जबकि अब पात्र लोगों को मुफ्त राशन, आवास और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

574 करोड़ रुपये से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ

बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री ने 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 30 परियोजनाओं का लोकार्पण और 27 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक, घरों की चाबियां, थर्मल प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, टूल किट और प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचने पर जनसभा में मौजूद लोगों ने ‘शेर आया, शेर आया’ के नारे भी लगाए।

जेवर एयरपोर्ट और गंगा एक्सप्रेसवे से बुलंदशहर को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मंजूरी मिल चुकी है, जिससे बुलंदशहर को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि किसानों के मुआवजे में भी वृद्धि की गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों को आर्थिक फायदा होगा और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जेवर केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि इंटरनेशनल फिल्म सिटी, आईटी पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। इसके साथ ही एयर कार्गो, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी का लाभ भी इस क्षेत्र को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि बुलंदशहर के लिए रिंग रोड स्वीकृत हो चुकी है और जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण भी किया जाएगा।

मेडिकल कॉलेज, उद्योग और किसानों का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर में कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज का संचालन प्रदेश के विकास का उदाहरण है। उन्होंने खुर्जा के सिरेमिक और क्रॉकरी उद्योग की भी सराहना करते हुए कहा कि इस उद्योग ने बुलंदशहर को वैश्विक पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा कि बुलंदशहर देश को सबसे अधिक सैनिक देने वाले जिलों में शामिल है और रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर भविष्य में भी बड़ी संख्या में सैनिक तैयार करेगा। उन्होंने ‘जय जवान, जय किसान’ को बुलंदशहर की पहचान बताया।

उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी रखा पक्ष

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश आज चीनी, गन्ना और एथेनॉल उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है। उन्होंने कहा कि देश में बनने वाले लगभग 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और करीब 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद उत्तर प्रदेश में निर्मित हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य को लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और प्रदेश देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

किसानों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलंदशहर के जनप्रतिनिधियों और किसानों ने उनसे मुआवजा बढ़ाने की मांग की थी, जिसे सरकार ने स्वीकार किया। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों, युवाओं और विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *