भाजपा का नहीं किया इंतजार, पवन कल्याण ने चंद्रबाबू नायडू के साथ कर लिया गठबंधन

न सेना पार्टी के प्रमुख और लोकप्रिय टॉलीवुड अभिनेता पवन कल्याण ने गुरुवार को घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी आगामी आंध्र प्रदेश चुनावों में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के साथ गठबंधन करेगी।

उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भाजपा भी उनके साथ जुड़ेगी। सुबह राजमुंदरी पहुंचे पवन कल्याण ने केंद्रीय जेल में टीडीपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की। चंद्रबाबू नायडू को गिरफ्तार किए जाने के बाद 11 सितंबर से 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर रखा गया है। उन पर कौशल विकास निगम में करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप है।।

जन सेना पार्टी प्रमुख के साथ नायडू के बेटे, टीडीपी महासचिव नारा लोकेश और बहनोई, हिंदूपुर से टीडीपी विधायक नंदमुरी बालकृष्ण भी थे। जेल में नायडू से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, पवन कल्याण ने कहा कि राज्य के लोग मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार के अराजक शासन को सहन नहीं कर पा रहे हैं और इसे हर तरह से उखाड़ फेंकने की जरूरत है।

उन्होंने आगे कहा, “हमने फैसला किया है कि जन सेना पार्टी और टीडीपी हाथ मिलाएं और आगामी चुनाव एक साथ लड़ें। हम समान विचारधारा वाले दलों को भी अपने साथ आने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं ताकि चुनाव में सत्ता विरोधी वोट विभाजित न हों। हमें उम्मीद है कि राज्य में अराजकता खत्म करने के लिए भाजपा हमारे गठबंधन में शामिल होगी।” कल्याण ने कहा कि नायडू के साथ बैठक राजनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण थी और उन्होंने टीडीपी के साथ हाथ मिलाने के अपनी पार्टी के फैसले से अवगत कराया था। उन्होंने कहा, “यह निर्णय हमारे भविष्य के लिए नहीं है बल्कि यह पूरे राज्य के भविष्य के लिए है। अगर हम अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं, तो यह अराजक शासन अगले एक या दो दशकों तक चल सकता है।”

अभिनेता से राजनेता बना पवन कल्याण ने स्पष्ट किया कि सीट बंटवारे और अन्य संबंधित मुद्दों पर सही समय पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जन सेना पार्टी और टीडीपी दोनों एक साथ उठाए जाने वाले कार्यक्रमों पर निर्णय लेने के लिए एक संयुक्त समिति बनाएंगे। नायडू की गिरफ्तारी को अवैध और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पवन कल्याण ने कहा कि उन्होंने टीडीपी प्रमुख के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की है, जिन्हें जगन सरकार के अराजक शासन के तहत फर्जी मामले में फंसाया गया और रिमांड पर भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *