BRICS के विस्तार का ऐलान, शामिल होंगे ये 6 नए देश; PM मोदी ने किया स्वागत

ब्रिक्स देशों के समूह ने छह नए देशों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में तीन दिवसीय शिखर सम्मेलन में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका ने मिलकर इस विषय पर विस्तार से चर्चा किया।

ब्रिक्स देशों के सभी नेताओं ने आज इसके विस्तार की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सभी 6 देशों का स्वागत किया।

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कहा कि विस्तार के पहले चरण में अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात को ब्रिक्स में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। नई सदस्यता 1 जनवरी, 2024 से प्रभावी होगी।

पीएम मोदी ने किया स्वागत
पीएम मोदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘मैं इन देशों के नेताओं और वहां के नागरिकों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। हम साथ मिलकर ब्रिक्स को नई गति देंगे। भारत के इन देशों के साथ बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। ब्रिक्स के जरिए हमारे संबंध और गहरे होंगे। ब्रिक्स का विस्तार इस बात का संकेत है कि विश्व के सभी संस्थाओं को वर्तमान समय के हिसाब से खुद को बदलना चाहिए।’

चंद्रयान पर मिली बधाई के लिए दिया धन्यवाद
इस दौरान उन्होंने चंद्रयान की सफलता का भी जिक्र किया। उन्होंने सभी देशों से मिल रही शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा चंद्रयान जहां लैंड हुआ है वह काफी कठिन क्षेत्र है। वैज्ञानिक समुदाय को जो बधाई संदेश मिले हैं उसके लिए धन्यवाद देता हूं।” इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने कहा कि कल हमने चंद्रमा पर चंद्र मॉड्यूल उतारने पर भारत को बधाई दी।

रामाफोसा ने आगे कहा, ”इस शिखर सम्मेलन ने ब्रिक्स, लोगों के बीच आदान-प्रदान और मित्रता एवं सहयोग बढ़ाने के महत्व की पुष्टि की। हमने जोहान्सबर्ग की दो घोषणाओं को अपनाया, जो वैश्विक आर्थिक, वित्तीय और राजनीतिक महत्व के मामलों पर प्रमुख ब्रिक्स संदेशों को प्रतिबिंबित करती हैं। यह उन साझा मूल्यों और सामान्य हितों को प्रदर्शित करता है जो पांच ब्रिक्स देशों के रूप में हमारे पारस्परिक रूप से लाभप्रद सहयोग का आधार हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *