बॉलीवुड और साउथ फिल्मों के बीच इस समय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। 19 सितंबर को अक्षय कुमार और अरशद वारसी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ रिलीज होने जा रही है। उसी दिन अनुराग कश्यप की फिल्म ‘निशान्ची’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ऐसे में आज का दिन मौजूदा फिल्मों के लिए बेहद अहम रहा, क्योंकि नए मुकाबले से पहले ये अपनी कमाई को अधिक से अधिक बढ़ाने की कोशिश में हैं।
सैक्निल्क के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, शाम 7:10 बजे तक की कमाई कुछ इस प्रकार रही—
‘मिराय’ का कलेक्शन
तेजा सज्जा की तेलुगु फिल्म ‘मिराय’ बाकी सभी फिल्मों से आगे निकलती दिख रही है। फिल्म ने 6 दिनों में 61.75 करोड़ की कमाई की थी और सातवें दिन 1.52 करोड़ जोड़कर कुल कलेक्शन 63.27 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
‘डेमन स्लेयर’ का कलेक्शन
जापानी एनीमे फिल्म ‘डेमन स्लेयर’ ने भारत में भी अच्छा बिजनेस किया है। 6 दिनों में 50 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली इस फिल्म ने सातवें दिन 1.47 करोड़ की कमाई की। अब तक इसका कुल कलेक्शन 52.3 करोड़ रुपये हो चुका है।
‘द कन्ज्यूरिंग लास्ट राइट्स’ का कलेक्शन
लगातार तीसरे हफ्ते दर्शकों को डराने वाली हॉरर फिल्म ‘द कन्ज्यूरिंग लास्ट राइट्स’ ने 13वें दिन तकरीबन 82 लाख रुपये कमाए। फिल्म का कुल कलेक्शन अब तक 78.47 करोड़ रुपये पहुंच चुका है।
‘लोका चैप्टर 1’ का कलेक्शन
कल्याणी प्रियदर्शन स्टारर ‘लोका चैप्टर 1’ ने 100 करोड़ का आंकड़ा पहले ही पार कर लिया था। अब 22वें दिन फिल्म ने 71 लाख की कमाई कर ली और इसका कुल कलेक्शन 127.66 करोड़ रुपये हो चुका है।
‘बागी 4’ का कलेक्शन
इन सबके बीच सबसे खराब स्थिति टाइगर श्रॉफ की ‘बागी 4’ की है। 14वें दिन फिल्म ने सिर्फ 29 लाख की कमाई की और अब तक का कुल बिजनेस 52.39 करोड़ रुपये पर ही सिमट गया है।
अब देखना होगा कि 19 सितंबर को ‘जॉली एलएलबी 3’ और ‘निशान्ची’ की एंट्री के बाद बॉक्स ऑफिस पर कौन सी फिल्म टिक पाती है और कौन पिछड़ जाती है।