Border 2 Vs Mardaani 3: बॉक्स ऑफिस पर सनी पाजी की दहाड़, रानी मुखर्जी का भी चल गया जादू, जानिए सोमवार को किसने मारी बाजी

बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ और रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है. जहां एक तरफ सनी देओल की फिल्म ने कमाई के नए रिकॉर्ड बनाते हुए 300 करोड़ के क्लब में शानदार एंट्री कर ली है, वहीं दूसरी तरफ रानी मुखर्जी की फिल्म भी अपनी पकड़ बनाए हुए है. ‘बॉर्डर 2’ ने अपनी रिलीज के साथ ही सिनेमाघरों में धमाल मचा दिया था और अब तीसरे हफ्ते में भी इसकी रफ्तार कम नहीं हुई है. वहीं, ‘मर्दानी 3’ को भी दर्शकों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसने अपने दूसरे हफ्ते में फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों ‘मर्दानी’ और ‘मर्दानी 2’ से ज्यादा कमाई कर ली है.

‘बॉर्डर 2’ ने 300 करोड़ के पार गाड़ा झंडा

सनी देओल की फिल्म की कमाई के आंकड़े हैरान करने वाले हैं. ट्रेड वेबसाइट सैकनिक (Sacnilk) की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 18वें दिन यानी सोमवार (9 फरवरी) को रात 8.30 बजे तक फिल्म ने 1.03 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. हालांकि, रात के शोज के फाइनल आंकड़े आने के बाद इसमें बढ़ोतरी होना तय है. इस नई कमाई के साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 310.78 करोड़ रुपये हो गया है. फिल्म को सोमवार को कुल 6.83% की ऑक्यूपेंसी मिली, जिसमें मॉर्निंग शोज में 4.49%, दोपहर में 8.12% और शाम के शोज में 7.89% दर्शक नजर आए.

रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ का सोमवार का हाल

दूसरी ओर, रानी मुखर्जी की फिल्म ‘मर्दानी 3’ भी बॉक्स ऑफिस पर जमी हुई है. फिल्म ने सोमवार को रात 8.30 बजे तक करीब 66 लाख रुपये की कमाई की है. रात के शोज के आंकड़े अभी जुड़ने बाकी हैं. अब तक फिल्म का कुल बिजनेस 36.56 करोड़ रुपये हो चुका है. सोमवार को फिल्म की ऑक्यूपेंसी ‘बॉर्डर 2’ से थोड़ी बेहतर रही और इसे कुल 8.87% ऑक्यूपेंसी मिली. मॉर्निंग शोज में 6.67%, दोपहर में 9.76% और शाम को 10.18% दर्शकों ने फिल्म देखी.

स्टारकास्ट और कहानी का जादू

‘बॉर्डर 2’ का डायरेक्शन अनुराग सिंह ने किया है और इसे टी-सीरीज व जे.पी. दत्ता ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी और मोना सिंह जैसे स्टार्स लीड रोल में हैं. फिल्म के गाने ‘संदेसे आते हैं’ और ‘मिट्टी के बेटे’ दर्शकों की जुबान पर चढ़े हुए हैं. यह फिल्म सनी देओल के करियर की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. वहीं, ‘मर्दानी 3’ का डायरेक्शन अभिराज मीनावाला ने किया है, जिसमें बच्चियों की किडनैपिंग के संवेदनशील मुद्दे को उठाया गया है. इसमें जानकी बोड़ीवाला भी अहम भूमिका में हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *