BJP की बड़ी बैठक आज, अमित शाह समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल; PM Modi के 25 साल पर बनेगा आगे का प्लान

दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आज शाम पार्टी की एक अहम बैठक होने जा रही है। शाम 6 बजे प्रस्तावित इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, विनोद तावड़े और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और पार्टी की आगे की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

PM Modi के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर Service Campaign

बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का सेवा संकल्प अभियान शुरू किया है। पार्टी के अनुसार, इस अभियान के जरिए सेवा गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को रेखांकित किया जा रहा है।

नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर संवैधानिक पद संभाला था। इस पद पर उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होने हैं। इसी अवसर को ध्यान में रखते हुए बीजेपी की ओर से देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लड डोनेशन कैंप, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण समेत कई गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। बीजेपी ने इन कार्यक्रमों को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ते हुए देशभर में आयोजित करने की बात कही है। आज होने वाली बैठक में इन कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के साथ आगे की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

23 सितंबर से PM Modi की अध्यक्षता में चिंतन बैठक

बीजेपी मुख्यालय की बैठक के अलावा 23 सितंबर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दो दिवसीय चिंतन बैठक भी होने वाली है। इस बैठक में केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य शामिल होंगे। 23 और 24 सितंबर को प्रस्तावित इस मंथन सत्र में गवर्नेंस और पॉलिसी मेकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह चिंतन बैठक सेवा तीर्थ में आयोजित होगी, जो प्रधानमंत्री कार्यालय में स्थित है। बैठक में सुधारों पर विशेष जोर दिए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा सरकारी योजनाओं की प्रगति, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन, समय प्रबंधन, अलग-अलग मंत्रालयों के बीच बेहतर तालमेल और Public Service Delivery जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।

इस दो दिवसीय बैठक में सरकार के कामकाज से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा के साथ भविष्य की प्राथमिकताओं और नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू करने पर भी मंथन होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *