यूपी की फायरब्रांड भाजपा विधायक केतकी सिंह को जान से मारने की धमकी, दीवार पर चिपकाया पत्र

त्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक केतकी सिंह सहित तीन लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी वाला पत्र बुधवार को दीवारों पर चस्पा किए जाने के बाद सनसनी फैल गई।

केतकी सिंह ने सीधे बलिया के पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। केतकी सिंह बलिया के बांसडीह विधानसभा सीट से विधायक है। केतकी सिंह की गिनती भाजपा की फायर ब्रांड नेता के रूप में होती है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक बांसडीह व बेरुआरबारी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों की दीवारों पर धमकी भरा पत्र बुधवार को चस्पा हुआ मिला। इसमें बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक केतकी सिंह के साथ-साथ भानु दुबे और शुभम चौबे की हत्या करने की धमकी दी गई। जानकारी होने के बाद पहुंची सुखपुरा पुलिस ने पर्चे को उखाड़कर कब्जे में ले लिया। पर्चा में लिखा है कि ‘जैसे बांसडीह में हत्या हुआ ऐलान करके, वैसे ही जिले में तीन हत्या होगी। केतकी सिंह विधायक, भानू दूबे गड़वार और शुभम चौबे छोड़हर। पैसा आ चुका है। गैंग के लोग जिले में एक्टिव हो गए हैं।’ पत्र के साथ दस रुपये के नोट का फोटो भी है।

सुखपुरा थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में उनकी तहरीर पर ही अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच बेरुआरबारी चौकी प्रभारी को सौंपी गई है।

भाजपा विधायक केतकी सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने इस मामले की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर को पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया है और मुझे नहीं लगता कि योगी आदित्यनाथ सरकार में कोई ऐसा करने का हिम्मत कर सकता है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बताया कि मामला सामने आने के बाद पुलिस छानबीन में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *