25 हजार के इनामी बदमाश शिवा के समर्थन में बीजेपी विधायक सांगा, तीन घंटे तक थाने में दिया धरना

यूपी के कानपुर में बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा की पुलिस से एक बार फिर भिड़ंत हो गई। सांगा 25 हजार के इनामी बदमाश शिवा को छुड़ाने के लिए थाने पहुंच गए और युवक को यातनाएं देने का आरोप लगाते हुए वहीं धरना दे दिया।

भाजपा विधायक ने पुलिस पर आरोपित को झूठा फंसाने और मारने पीटने का आरोप लगाया। करीब तीन घंटे तक हंगामा-नारेबाजी होती रही। विधायक ने दो दिन बाद पुलिस कमिश्नर का घेराव करने और गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है। उधर, पुलिस कमिश्नर ने कहा, पुलिस पर लगे आरोप जांच में सच निकले तो कार्रवाई होगी।

ग्वालटोली थानाक्षेत्र के लोधवाखेड़ा गांव से पुलिस ने बुधवार दोपहर शिवा को गिरफ्तार किया था। वह मार्च में दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित था। पुलिस के मुताबिक पहले से उस पर तीन मुकदमे थे। विधायक सांगा लाव-लश्कर के साथ शाम आठ बजे थाने पहुंचे और पुलिस पर शिवा को यातनाएं देने का आरोप लगाया। इंसपेक्टर प्रवीण कुमार ने विधायक से कहा कि यातना देने की बात झूठी है। इस पर सांगा समर्थक नारेबाजी करने लगे। हंगामा होने पर डीसीपी आरएस गौतम थाने पहुंच गए। विधायक से उनकी ढाई घंटे वार्ता चली। सांगा ने कहा कि पुलिस ने फर्जी मुकदमे दर्ज कर शिवा को अमानवीय यातनाएं दी हैं।

संबंधित पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया जाए। डीसीपी जांच की बात कहते रहे। इस पर भड़के सांगा ने पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार से फोन पर बात की। उन्होंने भी बिना जांच के पुलिस टीम पर कार्रवाई से इनकार कर दिया। रात 12 बजे के बाद विधायक थाने से चले गए। उन्होंने ‘हिन्दुस्तान’ से कहा कि पुलिस निरंकुश हो गई है। शुक्रवार को मैं पुलिस कमिश्नर कार्यालय घेरूंगा और गिरफ्तारी दूंगा।

आप बताशे खिला रहे.. वो तो डंडा मार रहे

पहला वीडियो एक मिनट का है जिसमें विधायक और इंस्पेक्टर ग्वालटोली प्रवीन कुमार के बीच बातचीत हो रही है। विधायक कह रहे हैं कि गवाही बना रहा है दरोगा। इसपर इंस्पेक्टर उठते हैं पानी लाने के लिए। विधायक कह रहे हैं हमारा पानी है… बैठो पाण्डेयजी परेशान न हो। इंस्पेक्टर कहते हैं कि आप पहली बार आए हैं बताशे का डिब्बा उठाकर लाते हैं और कहते हैं हमारी गलती है। इसपर विधायक कह रहे हैं कि आपकी कोई गलती नहीं है आप बताशे खिला रहे हो… वो तो डंडा मार रहे हैं। आप योगी जी वाला काम कर रहे हो। इतने में एक दरोगा आता है। तो विधायक कहते हैं यही दरोगा है।

विधायक ने पूछा, बताओ तुम्हें मारा है कि नहीं…

दूसरा वीडियो 41 सेकेंड का है इसमें विधायक युवक से कह रहे हैं बताओ तुम्हें मारा है कि नहीं। इसपर वह हां कहता है। दरोगा कहता है मारा तो नहीं है अब आरोप लगाने को लगा दो। तब विधायक कहते हैं कि वो झूठ क्यों बोलेगा यार उससे तुम्हारी क्या दुश्मनी है। फिर युवक से तुम बताओ तुम्हें मारा है कि नहीं। इसपर युवक कहता है कि मारा है सर। विधायक कहते हैं देखो उसका हाथ सूझा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *