बिहार के युवाओं को बड़ा तोहफा: पीएम मोदी ने छात्रवृत्ति, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और NIT बिहटा कैंपस का किया लोकार्पण

Bihar Youth Schemes News: बिहार के युवाओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन से कई योजनाओं और संस्थानों का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया और एनआईटी, बिहटा कैंपस का लोकार्पण किया। साथ ही पीएम उषा अभियान के तहत पटना विश्वविद्यालय, भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (मधेपुरा), जयप्रकाश विश्वविद्यालय (छपरा) और नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय (पटना) में नई शैक्षणिक एवं अनुसंधान सुविधाओं का शिलान्यास भी किया।

छात्रों को 450 करोड़ की छात्रवृत्ति और इंटरेस्ट फ्री लोन

प्रधानमंत्री ने नवनियुक्ति छात्रवृत्ति योजना के तहत 4,000 से अधिक छात्रों को 450 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति जारी की। इसके अलावा, उन्होंने नए स्वरूप में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत की, जिसके तहत 4 लाख रुपये तक का कर्ज अब पूरी तरह ब्याज मुक्त होगा।
अब तक इस योजना से 3.92 लाख से अधिक छात्रों को 7,880 करोड़ रुपये से ज्यादा का लाभ मिल चुका है। बेरोजगार युवाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक मदद भी जारी रहेगी।

नीतीश कुमार ने पीएम की सराहना

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि—
“हाल ही में केंद्र सरकार ने बिहार में 19 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्वीकृति दी है। इन योजनाओं से युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार में काफी मदद मिलेगी। बिहार सरकार भी लगातार युवाओं के लिए काम कर रही है।”

उन्होंने याद दिलाया कि 2015 में सात निश्चय योजना के तहत बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता और कुशल युवा कार्यक्रम शुरू किए गए थे। इसके विस्तार के बाद अब तक 10 लाख नौकरियां और 40 लाख से अधिक रोजगार दिए जा चुके हैं। आने वाले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है।

“बिहार का विकास लगातार जारी”

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 में एनडीए सरकार बनने के बाद से बिहार के हर क्षेत्र में विकास हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आने वाले वर्षों में बिहार को और तेजी से विकास की ओर ले जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *