Bihar BJP Candidate List: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी है, जिसमें 71 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसी के साथ भाजपा ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। इस मौके पर पार्टी के प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन पर करारा प्रहार किया और कहा कि “सिर्फ सीटों का बंटवारा कर लेने से मतभेद खत्म नहीं होते, बल्कि विवाद उसके बाद भी जारी रहते हैं।”
NDA का चुनावी विजन: विकास और एकता पर फोकस
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि यह चुनाव बिहार के अमृतकाल का पहला विधानसभा चुनाव है और जनता किसी भी “जहरीले तत्व” को आगे बढ़ने का मौका नहीं देगी। उन्होंने कहा कि NDA गठबंधन विकास, सुशासन और एकता की भावना के साथ हर सीट पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा।
महागठबंधन पर साधा निशाना – “विवाद खत्म नहीं हुए”
त्रिवेदी ने कहा, “महागठबंधन आंतरिक संघर्षों से ग्रस्त है। केवल सीटों का बंटवारा करने से विवाद समाप्त नहीं होते। यह उनके बाद भी जारी रहते हैं।”
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान भी ऐसा ही हुआ था, जब RJD ने पप्पू यादव और कन्हैया कुमार को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी थी।
“अंदरूनी कलह साफ दिख रही है” – सुधांशु त्रिवेदी
बीजेपी सांसद ने आगे कहा, “महागठबंधन की अंदरूनी कलह साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चार विधायकों को तोड़कर अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। चार मुस्लिम विधायकों को तोड़कर मजलिस को लूट लिया।”
BJP की पहली सूची में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व
14 अक्टूबर, मंगलवार को जारी BJP की पहली लिस्ट में ज्यादातर पुराने विधायकों और मंत्रियों को दोबारा मौका दिया गया है। पार्टी ने इसमें सभी सामाजिक वर्गों का ध्यान रखते हुए पिछड़ा, अतिपिछड़ा, महिला, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग को 50 प्रतिशत से अधिक भागीदारी दी है।
इस सूची के साथ भाजपा ने साफ कर दिया है कि पार्टी इस बार भी विकास, स्थिरता और सुशासन को ही मुख्य मुद्दा बनाएगी।