बांग्लादेश में भड़की हिंसा के बीच 200 छात्र भारतीय सीमा में दाखिल, हेल्पलाइन नंबर जारी

बांग्लादेश में वर्तमान नौकरी कोटा प्रणाली को लेकर हिंसक विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सलाह दी है कि जितना हो सके, बाहर की यात्रा से बचें।हिंसा में कम से कम 18 लोग मारे जा चुके हैं, अकेले आज 5 लोगों की जान चली गई। इन सबके बीच मेघालय सरकार ने गुरुवार जानकारी दी कि 200 से अधिक भारतीय नागरिक सफलतापूर्वक भारतीय सीमा से अंदर दाखिल हो गए हैं, इसमें 198 छात्र हैं। सरकार ने बताया कि हिंसा से बचते हुए भारतीय नागरिक डॉकी इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) के माध्यम से भारत में घुसे थे।

ढाका से फोन पर एचटी से बात करते हुए, बांग्लादेश इंडिजिनस पीपुल्स फोरम (बीआईपीएफ) के आयोजन सचिव एंड्रयू शोलोमर ने कहा कि जमीन पर स्थिति वास्तव में गंभीर और चिंताजनक है और लोग घबरा रहे हैं। उन्होंने कहा, “आज राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान किया गया था और छात्रों को परीक्षा हॉल से दूर भेज दिया गया था, लेकिन सभी सड़कें खाली रहने के कारण कोई परिवहन उपलब्ध नहीं होने से लोग फंसे रहे।”

मेघालय के सैकड़ों छात्र अभी भी फंसे
उन्होंने कहा, “सब कुछ रुक गया है और हमें नहीं पता कि आगे क्या होगा? सिवाय अपनी सुरक्षा के लोग घर के अंदर छिपे हुए हैं।’ शोलोमर ने कहा कि उनके अनुमान के अनुसार, मेघालय से सैकड़ों की संख्या में कई छात्र हैं जो बांग्लादेश के विभिन्न शहरों में चिकित्सा, इंजीनियरिंग और अन्य संबद्ध व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे हैं।

बांग्लादेश में क्यों फैली हिंसा
बांग्लादेश में फैली हिंसा का मुख्य कारण छात्रों का सरकारी नौकरियों के लिए देश की कोटा प्रणाली को समाप्त करने की मांग लेकर है। ढाका के बीआरएसी विश्वविद्यालय में छात्रों का विरोध प्रदर्शन अचानक तब हिंसा में बदल गया, जब पुलिस के साथ उनकी मुठभेड़ हो गई। विपक्षी दल, बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके सहयोगियों ने सड़कों, रेलवे और जलमार्गों पर देशव्यापी नाकाबंदी लगा दी है, जिससे आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह से बाधित हो गई है और परिवहन लागत बढ़ गई है।

बांग्लादेश सरकार पर संकट के बादल
राजनीतिक अशांति के कारण देश में बढ़ती मुद्रास्फीति, निर्यात में गिरावट और विदेशी मुद्रा भंडार में कमी आई है। मौजूदा रोहिंग्या शरणार्थी संकट के कारण स्थिति और भी जटिल हो गई है। लगभग दस लाख रोहिंग्या मुसलमान बांग्लादेश में शरण लेना चाहते हैं। सत्तारूढ़ दल अवामी लीग और विपक्षी बीएनपी के बीच राजनीतिक तनाव के कारण गतिरोध पैदा हो गया है। विपक्ष राष्ट्रीय चुनावों की निगरानी के लिए एक कार्यवाहक सरकार प्रणाली की बहाली की मांग कर रहा है।

भारतीय नागरिकों को रेस्क्यू
एचटी से फोन पर बात करते हुए, राज्य के गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “आज शाम 6:45 बजे तक, हिंसा में फंसे 202 भारतीय डौकी आईसीपी के माध्यम से भारत आ चुके हैं।” बता दें कि डाउकी राजधानी शिलांग से 81.5 किलोमीटर दूर है और लोगों के आवागमन, व्यापार और वाणिज्य के लिए यह मुख्य स्थान है।

अधिकारी ने बताया कि भारत पहुंचने वाले 202 लोगों में से 198 छात्र थे, जिनमें से 67 छात्र अकेले मेघालय से हैं। अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेश से बाहर आने वाले अन्य छात्रों में नेपाल (101) और भूटान (7) के छात्र शामिल हैं, जबकि शेष 23 देश के अन्य राज्यों से हैं और शेष 4 पर्यटक हैं जो हिंसा के कारण बांग्लादेश से आए थे। हिंसा के बीच लोगों की मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 1800 345 3644 भी ऐक्टिव किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *