देश के लगभग सभी राज्यों को वंदे भारत ट्रेनें मिल चुकी हैं। अब इन ट्रेनों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को हाई स्पीड ट्रेन का फायदा मिल सके।यूपीवासियों के लिए भारतीय रेलवे ने खुशखबरी दी है। दरअसल, लखनऊ से गोरखपुर तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन अब प्रयागराज जंक्शन भी जाएगी।यह ट्रेन गोरखपुर से सुबह छह बजकर पांच मिनट पर चलेगी। फिर अयोध्या होते हुए लखनऊ पहुंचेगी, जहां पर 15 मिनट का स्टॉपेज दिया गया है। इसके बाद रायबरेली से होते हुए दोपहर 1.35 मिनट पर यह ट्रेन प्रयागराज पहुंच जाएगी। इसके बाद वहां से दोपहर सवा तीन बजे ट्रेन वापस चलेगी और फिर रात 10.40 पर लखनऊ होते हुए गोरखपुर पहुंच जाएगी।
इस ट्रेन को 07 जुलाई, 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किया गया था। यह एनईआर क्षेत्र के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन है। प्रयागराज-गोरखपुर जंक्शन-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस 355 किमी की दूरी सात घंटे 25 मिनट में तय करेगी। ट्रेन संख्या 22549/22550 गोरखपुर-प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन आठ कोचों से बनी है – एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव चेयर कार। इसकी क्षमता 530 यात्रियों की है।
इससे पहले, नई दिल्ली से अजमेर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का भी विस्तार किया जा रहा है। पहले यह अजमेर से नई दिल्ली के बीच चलती थी, जिसे अब चंडीगढ़ तक किया जा रहा है। इस ट्रेन के टाइमटेबल की बात करें तो यह अजमेर से सुबह 6.55 मिनट पर रवाना होगी और दोपहर पौने तीन बजे चंडीगढ़ पहुंच जाएगी। उसी दिन यह ट्रेन वापसी भी करेगी और चंडीगढ़ से अजमेर जाएगी। हालांकि, अभी यह सामने नहीं आया है कि यह ट्रेन कब से चंडीगढ़ तक जाएगी। तारीख के बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।