अयोध्या-जनकपुर ट्रेन को हरी झंडी, लेकिन सांसद अवधेश प्रसाद को नहीं मिला न्योता! बोले- यह रामभक्तों का अपमान

अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने वर्चुअल माध्यम से ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाई। इस बीच फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने दावा किया कि इतनी महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत के बावजूद उन्हें न तो फोन करके जानकारी दी गई और न ही निमंत्रण पत्र भेजा गया।

अवधेश प्रसाद बोले- यह मेरा नहीं, अयोध्या की जनता का अपमान

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा शुरू होने का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री को बधाई दी। हालांकि, उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने पर सवाल भी उठाए।

अवधेश प्रसाद ने कहा, मैं इस पहल का स्वागत करता हूं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा नेपाल के प्रधानमंत्री को दिल से बधाई देता हूं. लेकिन अयोध्या धाम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की धरती है और यहां की जनता ने मुझे फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से अपना प्रतिनिधि चुना है. मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि इस परियोजना के महत्व और अयोध्या धाम को जनकपुर से जोड़ने वाली ट्रेन की शुरुआत के बावजूद मुझे न तो आमंत्रित किया गया, न फोन पर इसकी जानकारी दी गई और न ही निमंत्रण पत्र भेजा गया.

उन्होंने इस घटना को अपने साथ-साथ अयोध्या की जनता और रामभक्तों का अपमान बताया। सपा सांसद ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम की जानकारी क्यों नहीं दी गई और निमंत्रण पत्र क्यों नहीं भेजा गया, इसका जवाब संबंधित लोगों को देना चाहिए।

आज से शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा

अयोध्या और जनकपुर जैसे दो प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस रेल सेवा के शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

राम विवाह उत्सव में श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सुविधा

नई ट्रेन सेवा से अयोध्या और जनकपुर के बीच आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। खास तौर पर राम विवाह उत्सव के दौरान अयोध्या से जनकपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रेल सेवा काफी उपयोगी साबित हो सकती है। दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधा रेल संपर्क होने से यात्रियों का सफर आसान होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *