मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अयोध्या में दीपोत्सव के दशक की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खास पहल करते हुए एक दिवसीय ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ टूर पैकेज शुरू किया है। इस पैकेज के माध्यम से पर्यटक गाइड की अगुवाई में रामनगरी के प्रमुख मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। यह यात्रा 1 नवंबर से शुरू होगी और प्रतिदिन दो बैचों में संचालित की जाएगी।
सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक मिलेगा यात्रा का विकल्प
‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ के तहत प्रतिदिन दो बैच चलाए जाएंगे। पहला बैच सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक और दूसरा बैच दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगा। छह घंटे की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को अयोध्या की धार्मिक परंपराओं, पौराणिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक परंपराओं में 14 कोसी परिक्रमा का विशेष महत्व है। श्रद्धालु यह परिक्रमा आस्था और भक्ति की अभिव्यक्ति के रूप में पूरी करते हैं। ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ के जरिये योगी सरकार इस आध्यात्मिक अनुभव को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहती है। साथ ही, रामायण सर्किट में अयोध्या की महत्ता को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
रामायण वैक्स म्यूजियम से शुरू होगा अयोध्या दर्शन
इस टूर पैकेज की शुरुआत अयोध्या के लता मंगेशकर चौक से होगी। यहां से पर्यटकों को सबसे पहले रामायण वैक्स म्यूजियम ले जाया जाएगा। संग्रहालय में भगवान श्रीराम, माता सीता और रामायण के अन्य पात्रों की मोम से बनी प्रतिमाओं के माध्यम से महाकाव्य के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत रूप में देखने का मौका मिलेगा।
इसके बाद पर्यटकों को सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड और पंचमुखी महादेव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा में गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला और शेषावतार मंदिर भी शामिल हैं। इसके अलावा श्रद्धालु स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी जा सकेंगे। इस तरह एक ही यात्रा में अयोध्या के कई महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को देखने का अवसर मिलेगा।
सरयू आरती के साथ पूरी होगी आध्यात्मिक यात्रा
इस छह घंटे के भ्रमण का समापन सरयू आरती के साथ होगा। सरयू नदी के तट पर दीप प्रज्ज्वलन, पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों के बीच मां सरयू की आरती की जाएगी। इस भक्तिमय आयोजन के बाद पर्यटकों को वापस लता मंगेशकर चौक पहुंचाया जाएगा। इस तरह श्रद्धालु एक ही दिन में अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे।
AC वाहन और टूर गाइड की मिलेगी सुविधा, ऐसे करें बुकिंग
यूपीएसटीडीसी के इस पैकेज में सभी निर्धारित स्थलों तक आने-जाने के लिए एसी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। पर्यटकों के साथ स्थानीय टूर गाइड या कोऑर्डिनेटर भी रहेंगे, जो रास्ते में पड़ने वाले धार्मिक स्थलों के इतिहास, महत्व और उनसे जुड़ी रोचक जानकारियां साझा करेंगे।
हालांकि, इस पैकेज में होटल में ठहरने और भोजन की सुविधा शामिल नहीं है। इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा, जानकारी और बुकिंग के लिए 8130966118 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को भी मिलेगा लाभ
यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात के मुताबिक, ‘अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल’ को इस तरह तैयार किया गया है कि पर्यटक एक ही दिन में गाइड के साथ शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का सुविधाजनक भ्रमण कर सकें। यह पैकेज खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, जिन्हें लंबी धार्मिक यात्रा स्वतंत्र रूप से करने में कठिनाई होती है।
इस पहल का उद्देश्य अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक यात्रा को अधिक सुगम और आरामदायक बनाना है। साथ ही, पर्यटकों को रामनगरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक महत्व से परिचित कराना भी इसका अहम लक्ष्य है।