26 लाख दीपों से जगमगाई रामनगरी: अयोध्या दीपोत्सव 2025 में फिर बना विश्व रिकॉर्ड, गूंज उठा जय श्रीराम का उद्घोष

Ayodhya Deepotsav 2025: भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या इस दीपावली पर फिर से विश्व रिकॉर्ड बनाने में सफल रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित दीपोत्सव 2025 ने इस बार भी नया इतिहास रच दिया। अयोध्या में एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीपकों को जलाकर न केवल रामनगरी को जगमगा दिया गया, बल्कि इसे एक बार फिर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया गया।

रिकॉर्ड तोड़ रोशनी से नहाई अयोध्या

500 वर्षों बाद श्रीराम के अपने महल में विराजमान होने के बाद यह दूसरा और योगी सरकार का नवां दीपोत्सव था। पिछले वर्ष जहां अयोध्या 25,12,585 दीपों से आलोकित हुई थी, वहीं इस बार दीपों की संख्या और बढ़ाकर 26,17,215 कर दी गई। जैसे ही दीप प्रज्ज्वलन का निर्धारित समय शुरू हुआ, पूरा शहर “श्री राम जय राम जय जय राम” के जयघोष से गूंज उठा।

सरयू आरती में बना दूसरा विश्व रिकॉर्ड

इस बार दीपोत्सव में एक और रिकॉर्ड सरयू तट पर बना, जब एक साथ 2,128 वेदाचार्यों, अर्चकों और साधकों ने सरयू मैया की भव्य आरती की। इस अलौकिक दृश्य ने उपस्थित हर व्यक्ति को भक्ति और गौरव की भावना से भर दिया।

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने किया प्रमाणित

गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने पूरे आयोजन का निरीक्षण किया और अयोध्या के इस दीपोत्सव को विश्व का सबसे बड़ा दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम घोषित किया। समारोह के दौरान पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रमाण पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री ने प्रमाण पत्र को ऊंचा उठाकर सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद दिया और कहा कि यह उपलब्धि “अयोध्या की आस्था और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक शक्ति” का प्रमाण है।

अयोध्या को रोशन करने में हजारों लोगों का योगदान

इस कीर्तिमान के पीछे राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, उसके संबद्ध महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों, शिक्षकों, छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और पर्यटन-संस्कृति विभाग की सामूहिक भूमिका रही। सबने मिलकर रामनगरी को दिव्यता की चमक से सराबोर कर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 से शुरू हुए दीपोत्सव की परंपरा को अब तक लगातार जारी रखा है, और हर बार अयोध्या ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *