असम चुनाव से पहले फडणवीस की बड़ी भविष्यवाणी, जोरहाट से भरी हुंकार- इस बार बीजेपी की सरकार तय

असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार (31 मार्च, 2026) को असम के जोरहाट में चुनावी माहौल को गर्माते हुए ट्रक स्टैंड क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। रैली में बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए, जिसे ऊपरी असम में पार्टी की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया जा रहा है, जहां मुकाबला कड़ा रहने की संभावना है।

‘असम में बनेगी बीजेपी सरकार’ — फडणवीस का दावा

जनसभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में बीजेपी की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में सकारात्मक माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा, ‘इस बार असम में बीजेपी की सरकार ही बनेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के कामों के कारण राज्य में एक सकारात्मक लहर है. हमें पूरा विश्वास है कि बीजेपी बहुत बड़े बहुमत से जीत हासिल करेगी.’

कांग्रेस के घोषणापत्र पर साधा निशाना

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए फडणवीस ने उसके घोषणापत्र को अविश्वसनीय बताया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में कांग्रेस के वादे सफल नहीं हुए और जनता अब उन पर भरोसा नहीं करती। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस का घोषणापत्र अब कोई महत्व नहीं रखता. यह महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में काम नहीं आया. जनता जानती है कि कांग्रेस सरकार नहीं बनाएगी और खुद कांग्रेस भी यह जानती है. उनके वादे हकीकत से दूर हैं.’

नक्सलवाद पर मोदी और अमित शाह की तारीफ

नक्सलवाद के मुद्दे पर बोलते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सराहना की। उन्होंने महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पहले नक्सलवाद बड़ी चुनौती था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा, ‘मैं ऐसे राज्य से आता हूं, जहां नक्सलवाद एक बड़ी समस्या थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के सख्त कदमों से अब नक्सलवाद लगभग खत्म हो गया है. गढ़चिरोली, जो कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र था, अब एक स्टील सिटी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.’

गरीब और वंचितों के लिए काम कर रही सरकार

फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा गरीब और वंचित वर्ग के हितों को प्राथमिकता देते हैं और असम में हो रहा विकास इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ ‘A for Assam’ का नारा नहीं देते, बल्कि उसे जमीन पर उतारकर दिखाते हैं. असम तेजी से बदल रहा है और चाय बागान समुदाय सहित सभी वर्गों का समर्थन बीजेपी के साथ है.’

सीटों के आंकड़े पर चुप, लेकिन भारी बहुमत का दावा

सीटों के अनुमान को लेकर उन्होंने कोई संख्या बताने से इनकार किया, लेकिन एनडीए की बड़ी जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, ‘अगर जनता का विश्वास मिलता है, तो वे निर्णायक जनादेश देते हैं. कांग्रेस जनता का भरोसा जीतने में असफल रही है.’

वैश्विक संकट और पश्चिम एशिया युद्ध पर भी दिया बयान

अपने संबोधन में फडणवीस ने वैश्विक संकट और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई एशियाई और यूरोपीय देशों में हालात चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन भारत ने स्थिति को मजबूती से संभाला है। उन्होंने कहा, ‘दुनिया के कई देशों में संकट के कारण लॉकडाउन जैसी स्थिति बनी, लेकिन भारत में पेट्रोल या घरेलू गैस की कोई कमी नहीं हुई. यह प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व का परिणाम है.’

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि संकट के समय भी राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे समय में भी कांग्रेस ने राजनीति की और लोगों में भ्रम फैलाया, जिससे पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *