दिल्ली ब्लास्ट पर ओवैसी का बड़ा आरोप, पाकिस्तानी ISI और आतंकी संगठन जिम्मेदार, सरकार से मांगा सुरक्षा चूक पर जवाब!

हैदराबाद के सांसद और AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने दिल्ली में हुए आतंकी विस्फोट को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस आतंकी हमले की साजिश की पूरी उंगलियां पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और वहां के आतंकी संगठनों की ओर उठ रही हैं। ओवैसी ने इसे एक सुसाइड बॉम्बिंग बताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने और इस खतरनाक साजिश की तह तक जाने की मांग की है।

“यह सरासर जुर्म है, गुनाह है और ये आतंकवादी घटना है”

ओवैसी ने एक वीडियो संदेश का हवाला देते हुए कहा कि, “आरोपी ने एक स्क्रिप्ट के साथ बैठकर वीडियो बनाया था और बड़े एक्सेंट में बोलने की कोशिश कर रहा था। ये बड़ा ही खतरनाक और संगीन काम है, जिसमें 14 मासूम लोगों की जान गई। ये सरासर जुर्म है, गुनाह है और ये आतंकवादी घटना है।” उन्होंने कहा कि इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए और सरकार को जवाबदेही पूछनी पड़ेगी।

सुरक्षा व्यवस्था में चूक पर दागे सवाल

दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक पर सवाल उठाते हुए ओवैसी ने पूछा, “दिल्ली देश की राजधानी है। जवाबदेही किस पर आएगी? कहां पर फेलियर हुआ? कौन जिम्मेदार है? ये सब चीजों का जवाब सरकार को देना पड़ेगा।”

उन्होंने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूछा, “इतनी बड़ी मात्रा में अमोनियम नाइट्रेट इकट्ठा कर उसे विस्फोटक (एम्फो) में बदलने जैसी बड़ी साजिश को अंजाम देने वाले लोग कैसे सरकार के रडार से निकल गए?”

पुराने बयान को दोहराया, ISI पर लगाया सबसे बड़ा आरोप

ओवैसी ने अपने उस बयान को भी दोहराया जो उन्होंने विस्फोट के तुरंत बाद दिया था। उन्होंने कहा, “जब ये ब्लास्ट हुआ था, मैंने ट्वीट किया था और कहा था कि ये मालूम करो आप कौन है। उस वक्त कई लोगों ने मुझसे शिकायत की, लेकिन यह एक सुसाइड बॉम्बिंग थी और आरोपी पूरी तैयारी के साथ वहां गए थे।”

उन्होंने अपने बयान का अंत करते हुए सबसे बड़ा आरोप लगाया: “और यकीनन यह जो आतंकी हरकत हुई है, इसके पूरी उंगलियां पाकिस्तान की ISI और पाकिस्तान के दहशतगर्द तंजीम की तरफ जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *