
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर अपने भाषण के दौरान शाह ने कहा कि विपक्ष ने वास्तविक मुद्दे नहीं उठाए हैं।यह अविश्वास प्रस्ताव पर उसके ‘चरित्र’ को उजागर करता है। इस दौरान शाह ने एक बार फिर से ‘आलिया, मालिया, जमालिया’ का जिक्र किया। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में आलिया मालिया जमालिया भारत में घुसकर जवानों के सिर काट ले जाते थे।
अमित शाह ने कहा, “यूपीए की सरकार थी, 2004 से 2014 तक चली। आए दिन आतंकवादी घुस जाते थे। आलिया मालिया जमालिया घुसते थे और जवानों के सर काटकर ले जाते थे। सरहद के उस पार से आतंकवादी घुस जाते थे और जवानों के सर काटकर ले जाते थे। कोई जवाब नहीं देता था।” उन्होंने कहा, “दो बार पाकिस्तान ने हिमाकत की, एक बार सर्जिकल स्ट्राइक और एक बार एयर स्ट्राइक कर पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकवादियों को मारने का काम नरेंद्र मोदी सरकार ने किया।”
कौन हैं आलिया, मालिया, जमालिया?
अमित शाह अक्सर अपने भाषणों में आलिया, मालिया, जमालिया का जिक्र करते रहे हैं। चाहे वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव हो या लोकसभा चुनाव हो, अमित शाह ने कई मौकों पर कहा कि ‘आलिया, मालिया, जमालिया’ भारत में घुसकर जवानों के सिर काट ले जाते थे। टॉम, डिक एंड हैरी की तर्ज पर आलिया-मालिया-जमालिया शब्द गुजराती में आम बोलचाल में इस्तेमाल होते हैं। शाह ने अक्सर सीमा पर सुरक्षा मुद्दों के बारे में बात करते समय और पुलवामा व उरी घटनाओं के संदर्भ में बयानबाजी के लिए इस लाइन का इस्तेमाल किया है। अब अमित शाह आलिया, मालिया, जमालिया वाक्यांश का इस्तेमाल पाकिस्तानी घुसपैठियों के लिए भी करते हैं। हालांकि शाह ने कभी भी इन शब्दों के बारे में विस्तार से नहीं बताया है।
पहले भी करते रहे जिक्र
बता दें कि ये पहला मौका नहीं है जब शाह ने ‘आलिया, मालिया, जमालिया’ शब्द का इस्तेमाल किया। नवंबर 2022 में गुजरात के तापी में एक चुनावी रैली में बोलते हुए, समाचार एजेंसी एएनआई ने शाह के हवाले से कहा था, “जब मोदी सरकार ने धारा 370 हटाई, तो कांग्रेस कह रही थी कि खून की नदियां बहेंगी। लेकिन जब अनुच्छेद हटाया गया तो खून की नदी तो छोड़िए, किसी को पत्थर फेंकने की भी हिम्मत नहीं हुई।” उन्होंने कहा, ”सोनिया और मनमोहन सिंह की सरकार में पाकिस्तान से आलिया-मालिया-जमालिया हमारे जवानों का सिर काटकर भाग जाते थे। लेकिन जब मोदी सरकार आई तो पुलवामा और उरी में आतंकी हमले हुए। लेकिन वे नहीं जानते थे कि भारत में कोई मनमोहन सिंह नहीं है, अब नरेंद्र मोदी हैं…10 दिनों के भीतर, पीएम सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करके पाकिस्तान के घर में घुस गए।” मार्च 2022 में आजमगढ़ के लालगंज में एक चुनावी रैली में शाह ने इसी तरह की बात कही थी।