आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम मंदिर में भगदड़ से मचा हाहाकार, 10 श्रद्धालुओं की मौत, PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया शोक

श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश): आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में मची भगदड़ ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दुर्घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। हादसा शनिवार (1 नवंबर 2025) की सुबह करीब 11:30 बजे हुआ, जब दर्शन के दौरान अचानक अफरातफरी मच गई।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया गहरा दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दर्दनाक घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,

“आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई दुखद घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

PM मोदी बोले – “घटना से दुखी हूं”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा शोक जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा,

“आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मचने की घटना से दुखी हूं। अपने प्रियजन को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।

CM चंद्रबाबू नायडू ने दिए राहत कार्यों के निर्देश

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा,

“श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ से मुझे बहुत दुख हुआ है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।”

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि लगातार मौके पर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *