बिहार चुनाव से पहले अमित शाह का कांग्रेस-RJD पर हमला: अगर इनकी चलती, तो कश्मीर से कभी नहीं हटती धारा 370

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार (29 अक्टूबर) को दरभंगा में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर जमकर निशाना साधा और कहा कि अगर इन दलों की चलती, तो जम्मू-कश्मीर से कभी भी धारा 370 नहीं हटती। शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों और विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया।

“लालू-कांग्रेस की चलती तो धारा 370 आज भी रहती”

अमित शाह ने कहा,

“कांग्रेस पार्टी और लालू एंड कंपनी ने धारा 370 को 70-70 साल से बचाकर रखा था। पीएम मोदी ने धारा 370 को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया। एक जमाना था जब आतंकवादी भारत की भूमि को लहूलुहान करके चले जाते थे, कोई जवाब नहीं मिलता था। आज मोदी जी के नेतृत्व में हम आतंकियों के घर में घुसकर मारते हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने की परंपरा शुरू की और भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।

“मिथिला के सम्मान के लिए केंद्र सरकार ने कई काम किए”

अमित शाह ने मिथिला क्षेत्र के विकास की बात करते हुए कहा,

“हमने मिथिला के सम्मान के लिए ढेर सारी चीजें की हैं। मैथिली भाषा को आठवीं अनुसूची में रखा, मधुबनी पेंटिंग को जीआई टैग दिलाया, मखाना बोर्ड की स्थापना की और यहां भव्य सीता माता मंदिर बनने जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि साढ़े 500 साल से रामलला टेंट में थे, लेकिन भाजपा सरकार ने अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर निर्माण कराकर करोड़ों श्रद्धालुओं का सपना पूरा किया है।

पीएफआई पर अमित शाह का बड़ा बयान

केंद्रीय गृहमंत्री ने पीएफआई (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा,

“कांग्रेस की सरकारों के समय में पीएफआई बना, कोई बैन नहीं लगाता था। पीएम मोदी ने एक ही रात में पीएफआई पर बैन लगाकर, 100 से अधिक स्थानों पर रेड कर पूरी जमात को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। जब तक भाजपा का एक भी सांसद रहेगा, तब तक एक भी पीएफआई वाला जेल से बाहर नहीं आ पाएगा।”

गरीबों और किसानों के हित में सरकार की योजनाएं

अमित शाह ने मोदी सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों और किसानों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
उन्होंने कहा,

“प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के गरीबों के लिए 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई। हर गरीब को घर देने का काम मोदी जी ने किया है। किसानों को सालाना 6 हजार रुपए पीएम किसान सम्मान निधि के तहत मिलते हैं।”

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बिहार के 8 करोड़ 52 लाख गरीबों को हर महीने 5 किलो अनाज मुफ्त दिया जा रहा है।

कांग्रेस और RJD पर सीधा हमला

अमित शाह ने कांग्रेस और आरजेडी को “विकास में बाधक” बताते हुए कहा कि इन दोनों दलों ने बिहार को पिछड़ापन, भ्रष्टाचार और जातिवाद की राजनीति दी है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस बार फिर से एनडीए सरकार को विजयी बनाएं ताकि बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *