Amazon Layoffs: अमेजन में अब तक की सबसे बड़ी छंटनी शुरू, 30 हजार कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा

Amazon Layoffs 2025: दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी (Layoffs) करने जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी आज यानी मंगलवार से लगभग 30 हजार कर्मचारियों को निकालने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। यह कदम खर्चों में कटौती और संचालन क्षमता (Operational Efficiency) बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

दरअसल, कोविड-19 महामारी के दौरान बढ़ी मांग को पूरा करने के लिए अमेजन ने बड़ी संख्या में भर्ती की थी। अब जब बाजार की स्थितियाँ सामान्य हो चुकी हैं, तो कंपनी अपने कर्मचारियों की संख्या घटाकर संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करना चाहती है।

किन विभागों पर पड़ेगा असर?

अमेजन में इस समय करीब 15.5 लाख कर्मचारी काम कर रहे हैं, जिनमें से 3.5 लाख कॉर्पोरेट स्टाफ हैं। यह 2022 के बाद की सबसे बड़ी छंटनी बताई जा रही है, जब कंपनी ने करीब 27,000 लोगों को नौकरी से निकाला था।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार की छंटनी का असर खास तौर पर एचआर (HR), ऑपरेशंस, डिवाइसेज़ एंड सर्विसेज, और अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) जैसे प्रमुख विभागों पर पड़ने की संभावना है। हालांकि, अभी तक अमेजन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

AI और ऑटोमेशन बदलेंगे वर्कफोर्स

अमेजन के सीईओ एंडी जस्सी (Andy Jassy) पहले ही संकेत दे चुके हैं कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑटोमेशन कंपनी के वर्क स्ट्रक्चर को काफी बदल सकते हैं।

उन्होंने जून में कर्मचारियों को जारी एक नोट में कहा था कि,

“AI टूल्स के बढ़ते इस्तेमाल से कई नियमित कार्य स्वचालित हो जाएंगे, जिससे कुछ भूमिकाओं की जरूरत कम पड़ सकती है।”

रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ने अपने मैनेजर्स को ईमेल के जरिए छंटनी की सूचना देने के तरीकों पर विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए हैं।

टेक सेक्टर में छंटनी की लहर जारी

तकनीकी क्षेत्र में जारी छंटनी की लहर थमने का नाम नहीं ले रही है। Layoffs.fyi वेबसाइट के मुताबिक, साल 2025 में अब तक 216 टेक कंपनियां करीब 98,000 कर्मचारियों को निकाल चुकी हैं। वहीं, पिछले साल यह संख्या करीब 1.53 लाख तक पहुंच गई थी।

शेयर मार्केट में हलचल

छंटनी की खबरों के बीच सोमवार को अमेजन के शेयरों में 1.2% की बढ़त दर्ज की गई और यह 226.97 डॉलर पर बंद हुआ। कंपनी को उम्मीद है कि गुरुवार को आने वाले तिमाही नतीजों (Quarterly Results) में बेहतर मुनाफा दिखेगा।

अमेजन का सबसे बड़ा मुनाफे का स्रोत क्लाउड कंप्यूटिंग यूनिट AWS है, जिसकी बिक्री दूसरी तिमाही में 17.5% बढ़कर 30.9 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *