अक्षय कुमार का बड़ा खुलासा, मैं मनी माइंडेड नहीं हूं, मेहनत से कमाया है पैसा

Bollywood News: फिल्म जॉली एलएलबी 3 से बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रहे अक्षय कुमार ने हाल ही में पैसे को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्हें अक्सर “मनी माइंडेड” कहकर ट्रोल किया जाता है, लेकिन अक्षय का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत से नाम और दौलत कमाई है, किसी को लूटकर नहीं.

“मेहनत से कमाया, चोरी नहीं की”

अक्षय कुमार ने कहा, “मैंने अगर पैसा कमाया है तो किसी से लूटकर नहीं कमाया है. मैंने काम करके कमाया है. 8 साल से मैं सबसे ज्यादा टैक्स देने वालों में से एक हूं. पैसा जिंदगी के लिए जरूरी चीज है. जो ये बोलते हैं कि मेरे लिए पैसा कुछ नहीं है, वो झूठ बोलते हैं.”

“टैक्स देता हूं और सेवा भी करता हूं”

‘आप की अदालत’ में बात करते हुए अक्षय ने साफ कहा, “मैं पैसा कमाता हूं, टैक्स देता हूं और उससे सेवा भी करता हूं. यही मेरा धर्म है. अगर शादी में कोई मुझे बुलाकर 8 मिनट परफॉर्म करने के पैसे देता है और वो खुश है, तो इसमें गलत क्या है? जब तक आप चोरी नहीं कर रहे, लूट नहीं रहे, तब तक कोई दिक्कत नहीं.”

“150 फिल्मों में से कोई ठंडे बस्ते में नहीं गई”

अक्षय ने आगे कहा, “मैं इतने सालों से काम कर रहा हूं और 150 फिल्में कर चुका हूं. मेरी कोई फिल्म अधूरी नहीं रही, सिर्फ एक फिल्म ‘पूरब की लैला पश्चिम का छैला’ ही ठंडे बस्ते में पड़ी है. वरना जो फिल्म मैंने शुरू की है, वो पूरी की है.”

प्रोड्यूसर्स को लौटाते हैं फीस

अक्षय ने बताया कि कई बार जब फिल्म फ्लॉप हो जाती है तो वह प्रोड्यूसर्स को अपनी फीस तक लौटा देते हैं. उन्होंने कहा, “मैं पहला इंसान होता हूं जो कहता है कि मुझे बाकी की फीस मत दीजिए. कई बार मैं उनके चेक वापस कर देता हूं.”

“2700 करोड़ की नेटवर्थ के मालिक”

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय कुमार आज 2700 करोड़ रुपये की नेटवर्थ के मालिक हैं. बावजूद इसके उनका कहना है कि पैसों के लिए उन्हें मनी माइंडेड कहना गलत है, क्योंकि उन्होंने जो भी कमाया है वह मेहनत से कमाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *