अखिलेश यादव ने रामपुर में की आजम खान से मुलाकात, बोले– उन्हें न्याय मिलना चाहिए, गलत केस लगाए गए

Akhilesh Yadav Azam Khan Meeting: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार (8 अक्टूबर 2025) को रामपुर पहुंचकर आजम खान से मुलाकात की। यह मुलाकात आजम खान के जेल से रिहा होने के बाद दोनों नेताओं की पहली बैठक रही।

‘स्वास्थ्य का हालचाल लेने आया हूं’ – अखिलेश यादव

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, “मैं आजम खान साहब का स्वास्थ्य जानने आया हूं। जब वो जेल में थे, तब मिलने नहीं आ सका था। आज उनका हालचाल लेने आया हूं। आजम खान पुराने और वरिष्ठ नेता हैं, एक दरख्त की तरह हैं। उन्हें न्याय मिलना चाहिए।”

अखिलेश ने कहा, “राजनीतिक परिवारों में सबसे ज्यादा झूठे मुकदमे अगर किसी पर लगे हैं, तो वो आजम खान साहब पर लगे हैं। उनके बेटे और पत्नी पर भी गलत केस दर्ज किए गए हैं।”

‘2027 में बनेगी सपा सरकार, पीडीए की आवाज बुलंद’

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा, “पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) की आवाज बुलंद हो रही है, और हम आगे भी मिलते रहेंगे।”

हेलिकॉप्टर से पहुंचे अखिलेश, जौहर यूनिवर्सिटी में हुआ स्वागत

अखिलेश यादव हेलिकॉप्टर से रामपुर पहुंचे, जहां उनका विमान जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में उतरा। आजम खान ने खुद यूनिवर्सिटी पहुंचकर उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों उनके घर रवाना हुए, जहां मुलाकात के दौरान कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।

मुलाकात को लेकर रामपुर प्रशासन पहले से ही सतर्क था। आजम खान के आवास और जौहर यूनिवर्सिटी के आसपास पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की भारी तैनाती की गई थी। सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में अखिलेश के स्वागत में नारेबाजी होती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *