
यूपी के लखीमपुर खीरी में बाढ़ की विभीषिका के चलते आवागमन बंद हो जाने के कारण एक बीमारी लड़की की मौत हो गई। इसके बाद लड़की के दोनों भाई बहन के शव को कंधे पर लादकर पैदल ही चल दिए। इसका जब वीडियो वायरल हुआ तो सपा प्रमुख अखिलेश यादव सरकार को घेरने से नहीं चूके।अखिलेश यादव ने सरकार को इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं की स्वयव्स्था करने की सलाह दे डाली। अखिलेश यादव ने कहा लखीमपुर से एक दुखद समाचार मिला है कि बाढ़ के कारण सही समय पर अस्पताल न पहुंच पाने से एक लड़की की मौत हो गई। लाचार भाई ने अपनी बहन को कंधे पर लादकर अस्पताल ले जाने का भरसक प्रयास किया लेकि रास्ते में ही बहन की मौत हो गई। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, सरकार से अपेक्षा है कि वो बाढ़ के हालातों में आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त इंतजाम करे और याद रखे गरीब के जीवन का भी कोई मोल होता है।
क्या है लखीमपुर का वायरल वीडियो
मामला मैलानी थाना क्षेत्र के गांव ऐलनगंज का है। यहां के रहने वाले दो भाइयों ने का अपनी बहन के शव को कंधे पर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पूछताछ में भाइयों ने बताया था कि बहन के साथ दो भाई पलिया में रहकर पढ़ाई करते थे। आठ दिन पहले उसकी बहन को टाइफाइड हो गया था। पलिया के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। पिछले दो दिन से उसकी हालत बिगड़ती जा रही थी। इसी बीच बुधवार को शारदा नदी की बाढ़ का पानी पलिया में घुस गया और शहर से निकलने के सभी रास्ते बंद हो गए।मजबूरी में वह बहन का बेहतर इलाज कराने के लिए दूसरे अस्पताल भी नहीं ले जा सका। गुरुवार को बहन की मौत होने पर जब कोई वाहन नहीं मिला तो दोनों भाई उसका शव कंधे पर उठाकर गांव के लिए निकल पड़े। पहले तांगे के जरिए वे शव को अतरिया तक लेकर गए। उसके बाद कंधे पर लादकर पांच किलोमीटर पैदल चले। फिर कुछ दूर तक नाव का सहारा लिया, उसके बाद गाड़ी के जरिए गांव पहुंचे।