
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने शनिवार को कहा कि भाजपा ने जैसे जुमला दिया था वैसे ही गारंटी की घंटी दी है। जनता सब समझ गई है और इस बार भाजपा को पलटने जा रही है।
रसूलाबाद में शनिवार को रोड शो के बाद अखिलेश यादव मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन ऐतिहासिक वोटों से जीतेगा। जनता बदलाव चाहती है, कन्नौज लोकसभा की जनता को धोखा मिला।
अखिलेश ने कहा कि जनता ने मन बना लिया है कि संविधान को खत्म करने वालों के साथ आर-पार होगा। सरकार पर निशाना साधा कि इन्होंने जनता के काम रोके, इसी क्षेत्र में हवाई पट्टी बनी थी, पर उसमें कभी हवाई जहाज नहीं उतर पाया। बोले-सड़कों पर जो एंबुलेंस दौड़ रही हैं, 100 नंबर गाड़ियां समाजवादियों की देन है। कन्नौज जैसी जगह में बड़ी-बड़ी मंडी बनाना, परफ्यूम पार्क बनाना, इंजीनियरिंग कॉलेज, डेयरी प्लांट, एक्सीलेंस सेंटर बनाने के साथ सपा ने आलू किसानों के लिए भी फायदे का काम किया।
सुब्रत पाठक के बयान ‘कन्नौज का चुनाव भारत-पाकिस्तान का चुनाव’ के जवाब में अखिलेश ने कहा कि इस बार वह पहले से ही चुनाव हार चुके हैं। रसूलाबाद की जनता हिसाब-किताब मांग रही है, वे एक भी काम नहीं बता पाए इसलिए जनता ने खारिज कर दिया। स्थानीय नेता के सवाल पर उन्होंने कहा कि कन्नौज उनका (सुब्रत) घर होगा लेकिन यह तो लोहिया जी के जमाने से समाजवादियों का घर रहा है। उन्होंने कहा, जो घर को संवारता है लोग उसे अपना मानते हैं न कि जो घर तोड़ता है उसे। सपा मुखिया ने कहा कि दो चरणों के चुनाव के बाद बीजेपी को जनता ने पलट दिया है। अब वह 400 पार का नारा नहीं लग पा रहे हैं। अब वह संविधान और आरक्षण की बात करने लगे हैं, यह उनकी हार को दर्शा रहा है। अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के तीन विधानसभा क्षेत्र कानपुर देहात के रसूलाबाद, औरैया के बिधूना और कन्नौज के तिर्वा में रोड शो कर गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगे।