INDIA bloc की सरकार बनी तो ED, CBI और इनकम टैक्स के अफसर जेल जाएंगे, बोलीं आतिशी

देश में लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Elections 2024) को लेकर हलचल तेज है। इस बीच INDIA bloc में शामिल आम आदमी पार्टी की नेता ने बड़ा बयान दिया है। AAP नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा कि 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के बाद बड़े-बड़े घोटालों की जांच करवाई जाएगी और ईडी, सीबीआई के अधिकारियों को भी जेल भेज दिया जाएगा।आतिशी ने एक प्रेस क़ॉन्फ्रेंस में कहा, ‘देश की जनता ने मन बना लिया है। देश की जनता अपने वोट के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी को निकालने वाली है। इसलिए आपको (BJP) 4 जून तक जितने षड़यंत्र रचने हैं रच लीजिए। क्योंकि चार जून के बाद इस देश के सबसे बड़े घोटाले की जांच होगी। 4 जून के बाद जब इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो हजारों करोड़ रुपये के इलेक्टोरल बॉन्ड घोटाले की जांच होगी। जिसमें ना सिर्फ बीजेपी के नेता जेल में जाएंगे बल्कि ईडी के अफसर, सीबीआई के अफसर और इनकम टैक्स विभाग के अफसर जेल जाएंगे क्योंकि वो भी इस घोटाले में शामिल हैं।

दरअसल दिल्ली हाई कोर्ट में आज शराब घोटाले के आरोपी और AAP नेता मनीष सिसोदिया को ईडी और सीबीआई दोनों ही केस में उनकी जमानत की याचिका खारिज कर दी है। अदालत के इस फैसले के कुछ देर बाद ही आतिशी एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। आतिशी ने कहा कि मनीष सिसोदिया पर हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ आप सुप्रीम कोर्ट का भी रूख करेगी। आतिशी ने कहा कि मनीष सिसोदिया को झूठे केस में फंसाया गया है। आतिशी ने कहा कि इस केस के अहम गवाह शरथ रेड्डी ने कई बयान बदले हैं।

वो कई महीनों तक जेल में रहते हैं और फिर अपना बयान बदल देते हैं। जब वो आम आदमी पार्टी के खिलाफ बयान देते हैं तब उन्हें बेल मिल जाती है। बिल्कुल साफ है कि इस केस में आप के खिलाफ बहुत बड़ी साजिश चल रही है। ईडी के पास कई सवालों का कोई जवाब नहीं है। लेकिन पीएमएलए एक ऐसा कानून है जिसमें बेल मिलना बहुत मुश्किल है। आतिशी ने आगे कहा कि जांच एजेंसी का इस्तेमाल बीजेपी एक राजनीतिक हथियार के तौर पर कर रही है और आम आदमी पार्टी पर हमला किया जा रहा है। आतिशी ने कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी का अंत करीब है।

आतिशी ने बताया कि यह पूरा केस दबाव में लिए गए बयानों के आधार पर बना हुआ है। गवाहों पर आम आदमी पार्टी और हमारे नेताओं के खिलाफ बयान देने का दबाव बनाया जाता है। जैसे ही गवाह ED के मुताबिक़ AAP नेताओं के ख़िलाफ़ बयान दे देते हैं, उन्हें जमानत मिल जाती है। एक गवाह ने तो कोर्ट में बताया कि AAP नेताओं के ख़िलाफ़ बयान देने के लिए मारपीट की गई। इसमें उसे चोट लगी।AAP नेता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट जब अरविंद केजरीवाल जी की अंतरिम जमानत पर सुनवाई कर रहा था तब कोर्ट ने ED से पूछा कि आपने गवाहों के AAP नेताओं के पक्ष वाले बयान हटा दिए और विरोध वाले बयानों को शामिल कर लिया। आज बीजेपी PMLA क़ानून को विपक्ष पर हथियार के रूप में काम कर रही है। INDIA गठबंधन की सरकार बनने पर देश के सबसे बड़े घोटाले Electoral Bond की जांच होगी और बीजेपी के नेता तथा इसमें शामिल अधिकारी जेल जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *