आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके तीन करीबियों को तलब किया है। संजय सिंह के करीबी सर्वेश मिश्रा और विवेक त्यागी को ईडी ने पेश होने को कहा है।
सर्वेश मिश्रा आज ही जांच एजेंसी के सामने हाजिर हो सकते हैं। संजय सिंह को दिल्ली के कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार किया गया है।
इस साल मई में ईडी ने संजय सिंह के करीबी सर्वेश मिश्रा और विवेक त्यागी के ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान कुछ दस्तावेज और मोबाइल फोन मिले थे, जिससे इनका लिंक शराब घोटाले से जुड़ता दिखा था। गुरुवार को संजय सिंह की रिमांड मांगते हुए ईडी ने कोर्ट को बताया था कि संजय सिंह को दिनेश अरोड़ा ने उनके घर पर दो किश्तों में 2 करोड़ रुपए दिए थे। ईडी ने इस दौरान सर्वेश का नाम लिया।
ईडी के वकील ने कहा था कि रिश्वत की रकम संजय सिंह के घर पर उनकी तरफ से सर्वेश मिश्रा ने ही ली थी। जांच एजेंसी का दावा है कि संजय सिंह के पीए रहे विवेक त्यागी को आरोपी अमित अरोड़ा की कंपनी में हिस्सेदारी दिलाई गई थी। दिनेश अरोड़ा के दावों की जांच के लिए ईडी अब संजय सिंह को सर्वेश मिश्रा और विवेक त्यागी के सामने बिठाकर तीनों से पूछताछ कर सकती है। ईडी सूत्रों के मुताबिक सर्वेश मिश्रा और विवेक त्यागी के अलावा कुछ और लोगों को अगले 2-3 दिनों में बुलाया जा सकता है।