राहुल गांधी की फ्लाइंग किस पर बवाल, स्मृति ईरानी के आरोप के बाद स्पीकर तक पहुंचा मामला

लोकसभा में बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान एक विवाद खड़ा हो गया. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा से बाहर जाते हुए अभद्र इशारा किया, जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए.स्मृति का आरोप था कि संसद में जब महिला सांसद बैठी हुई थीं तब कोई इस तरह फ्लाइंग किस का इशारा करके जाए तो यह काफी अभद्र है.
स्मृति ईरानी के बयान के बाद राहुल गांधी से जुड़ा ये मामला काफी बड़ा हो गया है. करीब 22 महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिड़ला को चिट्ठी लिखी है और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है. बीजेपी सांसद पूनम महाजन ने राहुल को बर्खास्त करने की अपील की है, जबकि रीता बहुगुणा जोशी का आरोप है कि राहुल ने ट्रेजरी बेंच की ओर फ्लाइंग किस किया था.
महिला सांसदों ने की शिकायत
सदन से बाहर निकलने के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी कहा कि हमने आजतक सुना था कि ऐसा सिर्फ सड़कों पर होता है, लेकिन अब ऐसा संसद में भी हो रहा है जो कि काफी दुर्भाग्यपूर्ण है. पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी का आचरण बेशर्मी की पराकाष्ठा है.
स्मृति ईरानी ने क्या लगाया आरोप?
अपने संबोधन में स्मृति ईरानी ने कहा कि एक बात पर मैं आपत्ति जताना चाहती हूं. जिनको आज मुझसे पहले वक्तव्य देने का अधिकार दिया गया, उन्होंने जाते-जाते अभद्र लक्षण के दर्शन दिए. जब सदन में महिला सांसद बैठी हुई हैं, उस वक्त फ्लाइंग किस का इशारा किया गया. ऐसे गरिमा विहीन आचरण को सदन में कभी नहीं देखा गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *