मायावती का बड़ा ऐलान, भतीजे आकाश आनंद को घोषित किया उत्‍तराधिकारी

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने आज अपने उत्तराधिकारी का ऐलान कर दिया। उनके उत्तराधिकारी कोई और नहीं बल्कि उनके भतीजे आकाश आनंद होंगे।

बीएसपी की मीटिंग में उन्होंने आकाश आनंद (Aakash Anand) को अपनी विरासत सौंप दी। साफ कर दिया कि भविष्य में वही पार्टी की कमान सम्भालेंगे।

यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने रविवार की सुबह पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और सभी राज्यों के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में वह आकाश आनंद के साथ पहुंचीं। बताया गया था कि बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 की रणनीति के मद्देनजर चर्चा होगी। इसी बैठक में मायावती ने आकाश आनंद को अपनी विरासत सौंप दी।

 मायावती के इस अचानक ऐलान से राजनीतिक गलियारों में हैरानी है। माना जा रहा है कि पिछले कई वर्षों से पार्टी को लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मिल रही हार के चलते मायावती कुछ समय से नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने पर विचार कर रही थीं। लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Chunav-2024) के चंद महीने पहले मायावती ने यह घोषणा की है। आकाश आनंद को हाल में मध्य प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, राजस्थान में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी।

कहा जा रहा है कि इन चुनावों में आकाश ने काफी मेहनत की। पार्टी में आकाश आनंद के बढ़ते कद के चलते पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं को यह संकेत था कि भविष्य में वे पार्टी सुप्रीमो के उत्तराधिकारी हो सकते हैं। लेकिन यह इतनी जल्दी हो जाएगा ऐसा किसी ने नहीं सोचा था। रविवार को मायावती ने अचानक आकाश आनंद को अपनी विरासत सौंपकर सबको चौंका दिया।

 कौन हैं आकाश आनंद
आकाश आनंद बसपा सुप्रीमो मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार के बेटे हैं। आकाश की स्कूली पढ़ाई-लिखाई गुरुग्राम से हुई है। आगे की पढ़ाई उन्होंने लंदन में की। वह लंदन से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) कर चुके हैं। वह 2017 से पार्टी में सक्रिय हैं। इसी साल वह मायावती के साथ एक बड़ी रैली में मंच पर नज़र आए थे। इसके बाद उन्हें लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी।

पिछले छह सालों से उनकी सक्रियता लगातार बढ़ती रही है। वर्तमान में वह पार्टी नेशनल कोऑर्डिनेटर पद पर हैं। हाल के दिनों में आकाश की जिम्मेदारियां पार्टी में तेजी से बढ़ती चली गईं। उन्होंने यूपी ही नहीं दूसरे राज्यों में भी संगठन की बैठकें और सभाएं कीं।

 आकाश को उत्तराधिकार क्यों?
मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को ही उत्तराधिकार क्यों सौंपा? यह सवाल आज हर किसी की जुबान पर है। सियासी जानकारों का कहना है कि मायावती अब आकाश आनंद को भविष्य की राजनीति के लिए तैयार कर रही हैं।

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें विरासत सौंपकर वह उन्हें चुनावी दांव-पेंच, टिकटों के वितरण और सियासत के अन्य पहलुओं में पारंगत करने की कोशिश करेंगी। ताकि आगे चलते बसपा (BSP) को संभालने के लिए वह पूरी तरह तैयार हों। वह यह सुनिश्चित करना चाहती हैं कि पार्टी पर आकाश भी उनके जैसी ही कमान हासिल करें। ऐसा करके मायावती, भविष्य में पार्टी में नेतृत्व को लेकर किसी किस्म की खींचतान की सम्भावनाओं को भी खत्म कर देना चाहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *