गुजरातियों से घिरे रहते हो, कैसा लगता है? जयशंकर ने मजाकिया अंदाज में दिया जवाब

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को दुबई में भारतीय छात्रों और युवा पेशेवरों के साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि वे गुजरातियों से घिरे होने पर कैसा महसूस करते हैं।जयशंकर ने मजाकिया अंदाज में इसका जवाब दिया। गुजरात से राज्यसभा के लिए चुनाव निर्विरोध चुने गए जयशंकर ने कहा कि उन्हें गुजरातियों का साथ “पसंद” है क्योंकि उन्हें यह बहुत “स्वाभाविक” लगता है।जयशंकर ने कहा, “मुझे यह पसंद है। मेरे लिए, यह काफी दिलचस्प भी है। भारत में हर किसी के कुछ न कुछ दोस्त देश के अलग-अलग हिस्सों से होते ही हैं। जब मैं बड़ा हो रहा था, तब मेरी जिंदगी के विभिन्न पड़ाव पर, हमारे आसपास किसी न किसी तरह से गुजराती परिवार रहते थे। उनके साथ हमारे काफी अच्छे संबंध थे। लेकिन जब मैं (राज्यसभा) चुनाव के लिए वहां गया…और उसके बाद मैं जाहिर तौर पर भारत के किसी भी अन्य राज्य की तुलना में वहां अधिक बार जाता हूं…मुझे यह बहुत स्वाभाविक लगता है।”यह कहते हुए कि गुजराती शायद सभी भारतीयों में सबसे अधिक ग्लोबल हैं, उन्होंने कहा, “उनमें एक निश्चित आत्मविश्वास और एटीट्यूड है।” उन्होंने कहा, “उनके बीच एक बहुत मजबूत सामुदायिक भावना है…भारत में हर किसी के पास है लेकिन मुझे लगता है कि गुजरातियों में यह विशेष रूप से अच्छी तरह से है।” उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “इसलिए मैं कहूंगा कि यह स्वाभाविक है कि विदेश मंत्री का चुनाव भी गुजरात राज्य द्वारा किया जाना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *