
यूपी में अब ट्रांसजेंडरों को पेंशन दिलाने की तैयारी है। ट्रांसजेण्डर को पेंशन दिलाने को लेकर समाज कल्याण विभाग विचार कर रहा है। इस बारे में एक प्रस्ताव तैयार किया गया है। जल्द ही इसे केन्द्र सरकार को भेजा जाएगा।समाज कल्याण निदेशक कुमार प्रशांत ने कहा है कि यह पेंशन उन्हीं को मिलेगी जो केन्द्र सरकार के ट्रांसजेण्डर पोर्टल transgenderdosje.gov.in पर पंजीकरण करवा कर प्रमाण पत्र प्राप्त करेंगे। इस प्रमाण पत्र के आधार पर उन्हें शिक्षा, छात्रवृत्ति, मुफ्त चिकित्सा आदि की भी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।समाज कल्याण निदेशालय में इस योजना के प्रभारी श्रीनिवास द्विवेदी ने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश में ट्रांसजेंडर की आबादी एक लाख 36 हजार है। इनमें से अभी तक एक हजार ट्रांसजेण्डर ने केंद्र सरकार प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए पोर्टल पर आवेदन किया है, जिनमें से 514 को प्रमाण पत्र मिल भी चुका है। पिछले दिनों समाज कल्याण विभाग की ओर से इन ट्रांसजेण्डर के रिहायशी इलाकों के आसपास केंद्र सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के लिए इन्हें प्रेरित करने को विशेष शिविर आयोजित किये गये थे।