कैदी नंबर 338 बने आजम खान, खाने को मिली प्लेट, कंबल में गुजरी पिता-पुत्र की रात

बेटे अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में सात साल की सजा पाए सपा के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां की रात बैरक नंबर-1 में कंबल ओढ़कर गुजर रही है।इसी बैरक में उनके बेटे अब्दुल्ला भी इसी हाल में रह रहे हैं। स्वार के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में दोष सिद्ध हुए आजम खां, अब्दुल्ला आजम और तजीन फात्मा तीनों आजकल रामपुर जिला जेल में बंद हैं। जिला जेल में आजम खां और अब्दुल्ला आजम को बैरक नंबर-1 में आम कैदियों की तरह ही रखा गया है। इस बैरक में कुल 30 कैदी हैं। इनके साथ ही आजम खां और अब्दुल्ला आजम का वक्त कट रहा है। जेल मैनुअल के हिसाब से उन्हें कैदी नंबर अलॉट हो चुका है। आजम खां को 338 जबकि अब्दुल्ला आजम को 339 नंबर मिला है। उन्हें जेल से कैदियों वाले कपड़े, कंबल, खाना खाने के लिए प्लेट और गिलास आदि दिए गए हैं।

सब्जी-रोटी और दाल

जेल में बंद आजम खां और अब्दुल्ला आजम को कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं है। उन्हें जेल मैनुअल के हिसाब से ही आम कैदियों की तरह नाश्ता और खाना मिल रहा है। दोपहर में उन्होंने सब्जी-रोटी और दाल खायी।

नार्मल है ब्लड प्रेशर और शुगर

जेल में आजम खां, अब्दुल्ला आजम और तजीन फात्मा का मेडिकल चेकअप कराया गया है। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि तीनों की मेडिकल रिपोर्ट आ गई है। सभी का बीपी और शुगर नार्मल है। उम्र के हिसाब से कमजोरी आदि है। डॉक्टरों की टीम ने आजम खां और उनकी पत्नी से उनकी मेडिकल हिस्ट्री भी ले ली है, जिसमें उन्होंने आपरेशन होने के चलते कुछ दवाएं बताई हैं, वह मुहैया करायी जा रही हैं।

अगल-थलग पड़ीं तजीन फात्मा

अब्दुल्ला आजम और आजम खां एक ही बैरक में हैं, लेकिन महिला होने के चलते तजीन फात्मा को अलग महिला बैरक में रखा गया है। जेल में होने के बावजूद वह 48 घंटे से अलग-थलग हैं। न बेटे से मिल सकती हैं और न ही पति से। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि भले ही परिवार जेल में है, लेकिन जेल के नियमों मुताबिक मुलाकात का वक्त मुकर्रर होता है। आजम जब से जेल में आए हैं, तब से अब तक उनकी पत्नी से मुलाकात नहीं हुई है।

बड़े बेटे अदीब ने लगाई मुलाकात को अर्जी

आजम खां और अब्दुल्ला आजम से मिलने दो दिन में कोई भी समर्थक या रिश्तेदार जेल नहीं पहुंचा है। शुक्रवार को आजम परिवार का जेल में दूसरा दिन था, इस बीच बड़े बेटे अदीब आजम ने पिता से मुलाकात के लिए अर्जी लगाई। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि अदीब आजम की पर्ची आयी है, सत्यापन कराया जा रहा है। उसके बाद नियमानुसार मुलाकात करा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *