मुख्तार अंसारी पर एक और शिकंजा, माफिया के करीबी पूर्व प्रधान की एक करोड़ की संपत्ति कुर्क

मुख्तार अंसारी और उसके करीबियों पर कार्रवाई का क्रम जारी है। गुरुवार को डीएम आर्यका अखौरी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट में मुख्तार के करीबी करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के महेन्द गांव के प्रधान रहे मेहरुद्दीन खान उर्फ नन्हे की तीन आराजी नंबर पर स्थित जमीन कुर्क की गई।पुलिस के अनुसार कुर्क की गई जमीन की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। मेहरुद्दीन ने यह जमीन अपने भांजे के नाम पर खरीदी थी।एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि आईएस-191 गैंग के सरगना मुख्तार अंसारी का खास गुर्गा महेंद गांव निवासी मेहरुद्दीन खां उर्फ नन्हे खां पुत्र स्व. अजीमुल हक ने भांजे शाहिद रजा खान पुत्र सदरुल खान निवासी ग्राम फतेहपुर अटवा (हाल पता 10/35 मिल्लतनगर फनहरा,ओबरा सोनभद्र) के नाम से महेंद गांव में तीन आराजी पर कुछ जमीन खरीदी थी। यह संपत्ति अपराध के जरिए कमाए गए रुपयों से खरीदी गई थी। इसकी रिपोर्ट करीमुद्दीनपुर पुलिस ने भेजी थी जिसके बाद जिलाधिकारी ने संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया।आदेश के क्रम में महेंद गांव स्थित आराजी संख्या 429, आराजी संख्या 402 रकबा व आराजी संख्या 404 पर स्थित जमीन को कुर्क किया गया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि नन्हे खां महेंद गांव का दो बार प्रधान रहा हैं। वहीं एक बार इसकी पत्नी भी प्रधान रही। नन्हे पर गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट समेत कई थानों में कुल नौ मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *