उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर एनडीए के भीतर सीटों के बंटवारे की कवायद तेज हो गई है। बीजेपी ने अपने सहयोगी दलों की चुनावी ताकत और दावेदारी का आकलन शुरू कर दिया है। इस सिलसिले में दिसंबर में दिल्ली में एनडीए के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक प्रस्तावित है। इसमें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा), निषाद पार्टी, अपना दल (एस) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के साथ सीटों के बंटवारे पर चर्चा हो सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने अपने सहयोगी दलों से उन विधानसभा सीटों की सूची मांगी है, जहां उनका सामाजिक आधार और कोर वोट बैंक चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। चर्चा है कि सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर तथा निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं मंत्री संजय निषाद ने अपनी-अपनी सीटों की मांग से जुड़ी सूची बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दी है। वहीं, रालोद करीब 30 सीटों पर दावेदारी कर रही है, जबकि अपना दल (एस) ने फिलहाल अपनी मांग सार्वजनिक नहीं की है।
राजभर और संजय निषाद ने मांगीं 74 सीटें
एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर सुभासपा और निषाद पार्टी ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। सूत्रों के अनुसार, ओम प्रकाश राजभर पूर्वांचल में पिछड़े वर्गों के बीच अपनी पार्टी के प्रभाव को आधार बनाकर बीजेपी से 38 सीटें मांग रहे हैं। वहीं, संजय निषाद ने अपने समाज की आबादी और प्रभाव वाले क्षेत्रों का हवाला देते हुए 36 सीटों पर दावा किया है।
बीजेपी ने दोनों दलों से उन विधानसभा क्षेत्रों का ब्योरा मांगा है, जहां उनके समर्थक मतदाता एनडीए उम्मीदवार की जीत में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी इन सीटों पर जीत की संभावनाओं का आकलन करने के लिए सर्वे भी करा रही है।
अनुप्रिया पटेल की पार्टी भी बढ़ा सकती है दावेदारी
सीटों के बंटवारे में अपना दल (एस) भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी में है। पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल कुर्मी बहुल क्षेत्रों में पार्टी के प्रभाव और पिछले विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाकर अधिक सीटों की मांग कर सकती हैं।
वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली राष्ट्रीय लोकदल अब एनडीए का हिस्सा है। सूत्रों के मुताबिक, रालोद करीब 30 विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी पेश कर रही है। ऐसे में बीजेपी के सामने सभी सहयोगी दलों की मांगों के बीच सीटों का संतुलन बनाने की चुनौती होगी।
अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष के स्तर पर होगा फैसला
सूत्रों के मुताबिक, दिसंबर में दिल्ली में प्रस्तावित बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बातचीत कर सकते हैं। सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला सहयोगियों की मांग, पिछले चुनाव में उनके प्रदर्शन, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय प्रभाव और संबंधित सीटों पर जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।
बीजेपी सहयोगी दलों की ओर से दिए गए सीटों के ब्योरे और अपने सर्वे के नतीजों के आधार पर दावेदारी का आकलन कर रही है।
2022 के चुनाव में किस पार्टी का कैसा रहा प्रदर्शन?
आगामी चुनाव में सीटों के बंटवारे के दौरान 2022 के विधानसभा चुनाव में सहयोगी दलों के प्रदर्शन को भी महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।
- सुभासपा: 2022 में 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटों पर जीत हासिल की थी।
- निषाद पार्टी: 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इनमें पांच विधायक बीजेपी के चुनाव चिह्न और छह निषाद पार्टी के चुनाव चिह्न पर जीते थे।
- अपना दल (एस): 18 सीटों पर चुनाव लड़कर 13 सीटों पर जीत हासिल की थी।
- राष्ट्रीय लोकदल: सपा के साथ गठबंधन में 35 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। बाद में पार्टी सपा से अलग होकर एनडीए में शामिल हो गई।
अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दल अपनी राजनीतिक ताकत और सामाजिक समीकरणों के आधार पर ज्यादा सीटें हासिल करने की कोशिश में हैं। दिसंबर में दिल्ली में होने वाली बैठक के बाद सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।