UP के गांवों में पानी की सप्लाई पर अब सीधे दफ्तर से नजर रखेगी सरकार, 36,374 पेयजल योजनाओं में लगेगी SCADA तकनीक

उत्तर प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश की पेयजल योजनाओं को SCADA (Supervisory Control and Data Acquisition) और ऑटोमेशन तकनीक से लैस किया जा रहा है। इससे अधिकारियों को कार्यालय में बैठकर ही गांवों की पानी की टंकियों का जलस्तर, पंपों की कार्यशीलता, पाइपलाइन में पानी का प्रवाह और भूजल की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। तकनीक के इस्तेमाल से खराबियों का समय रहते पता लगाने और जलापूर्ति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

कार्यालय से ही होगी गांवों की जलापूर्ति की निगरानी

SCADA/ऑटोमेशन एक आधुनिक निगरानी और नियंत्रण प्रणाली है। इसके तहत सेंसर और उपकरणों से मिलने वाले आंकड़ों के जरिए पेयजल योजनाओं की स्थिति पर नजर रखी जा सकती है। इसमें टंकियों में पानी का स्तर, पाइपलाइन में पानी का प्रवाह, पंपों की कार्यशीलता और उपलब्ध उपकरणों से दबाव संबंधी जानकारी शामिल है।

इस व्यवस्था से अधिकारियों को प्रत्येक योजना की स्थिति जानने के लिए बार-बार मौके पर जाने की जरूरत कम होगी। यदि किसी योजना में पंप बंद होने, जलस्तर में असामान्य बदलाव या तकनीकी खराबी की जानकारी मिलती है तो संबंधित कर्मचारियों को समय रहते कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। इससे मरम्मत में लगने वाला समय घटाने और जलापूर्ति बाधित होने की अवधि कम करने में सहायता मिल सकती है।

पिछले दिनों राष्ट्रीय जल जीवन मिशन की रीजनल कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश ने अपने ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए दूसरे राज्यों का ध्यान आकर्षित किया था। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया था।

बिजली की बचत और रखरखाव में भी मिलेगी मदद

SCADA/ऑटोमेशन तकनीक से पेयजल योजनाओं का संचालन अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। पंपों के संचालन और बिजली की खपत से जुड़े आंकड़ों की निगरानी करके ऊर्जा का बेहतर इस्तेमाल करने की योजना तैयार की जा सकती है। जहां उपयुक्त नियंत्रण प्रणाली और वीएफडी जैसी तकनीक उपलब्ध होगी, वहां जरूरत के मुताबिक पंप चलाकर बिजली की बचत की जा सकेगी।

इसके अलावा पंप कितने घंटे संचालित हुए और उनकी कार्यशीलता कैसी रही, इसका रिकॉर्ड भी उपलब्ध होगा। इससे विभाग को समय पर रखरखाव की योजना बनाने में मदद मिलेगी। संभावित खराबियों की पहले ही पहचान होने से बड़ी तकनीकी समस्या और अतिरिक्त खर्च से बचने की संभावना बढ़ेगी।

पानी की गुणवत्ता पर भी रखी जा सकेगी नजर

पेयजल योजनाओं में उपयुक्त सेंसर लगाए जाने पर क्लोरीन, टर्बिडिटी और अन्य निर्धारित मानकों की निगरानी की जा सकती है। इससे पानी की गुणवत्ता से जुड़ी समस्याओं का पता लगाने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने में मदद मिलेगी। हालांकि, सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार पानी के नमूनों की जांच और प्रयोगशाला परीक्षण भी जरूरी रहेंगे।

SCADA/ऑटोमेशन से योजनाओं के संचालन से जुड़े आंकड़े उपलब्ध होने पर विभागीय रिपोर्टिंग और निगरानी व्यवस्था भी अधिक पारदर्शी बन सकेगी। इससे जलापूर्ति का रिकॉर्ड रखने, शिकायतों पर कार्रवाई करने और योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

36,374 पेयजल योजनाओं में प्रस्तावित है ऑटोमेशन

जल जीवन मिशन के तहत उत्तर प्रदेश में कुल 36,374 पेयजल योजनाओं में SCADA/ऑटोमेशन लगाने का प्रस्ताव है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, संचालित एवं अनुरक्षित तथा ट्रायल रन की लगभग 13,700 योजनाओं में ऑटोमेशन का काम पूरा हो चुका है।

इसके साथ ही पुरानी जल निगम योजनाओं में भी इस तकनीक को लगाने का काम किया जा रहा है। विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र की पुरानी जल निगम योजनाओं को भी SCADA/ऑटोमेशन से लैस किया जा रहा है।

प्रदेश के 63,625 गांवों में हो रही नियमित जलापूर्ति

उत्तर प्रदेश में ग्रामीण परिवारों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के तहत लगातार काम किया जा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश के 63,625 गांवों में नियमित जलापूर्ति हो रही है।

जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को घर पर नल के जरिए पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए केवल पाइपलाइन और नल कनेक्शन तैयार करना ही नहीं, बल्कि पेयजल योजनाओं का नियमित संचालन, रखरखाव और पानी की गुणवत्ता की निगरानी भी जरूरी है। SCADA/ऑटोमेशन तकनीक इसी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है।

जलापूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने पर सरकार का जोर

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. जल जीवन मिशन के तहत हमारा प्रयास केवल घर-घर नल कनेक्शन पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पेयजल योजनाओं का सुचारु संचालन और उनका दीर्घकालिक रखरखाव भी हमारी प्राथमिकता है.”

उन्होंने कहा, “स्काडा/ऑटोमेशन जैसी आधुनिक तकनीक के उपयोग से योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी. हमारा लक्ष्य है कि तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए जलापूर्ति संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान हो और ग्रामीण परिवारों को नियमित पेयजल सुविधा का लाभ मिलता रहे.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *