चिराग पासवान का राहुल गांधी, कांग्रेस और सपा पर हमला, बोले- DMK की पीठ में छुरा घोंपा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात करने जा रहे INDIA गठबंधन के नेताओं को लेकर सवाल उठाए। चिराग ने कांग्रेस नेतृत्व पर आरोप लगाया कि उसने कभी भी अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ ईमानदारी से बातचीत करने की कोशिश नहीं की। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर पहले भी महिला आरक्षण कानून को रोकने का आरोप लगाया।

चिराग पासवान ने विपक्षी गठबंधन के नेताओं के आउटरीच अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूछा कि विपक्ष के नेता आखिरी बार अपने एयर-कंडीशन्ड कमरों से बाहर कब निकले थे और उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ किसी मुद्दे पर बातचीत करने की वास्तविक कोशिश कब की थी।

राहुल गांधी पर लगाया सहयोगियों से संवाद नहीं करने का आरोप

केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ सीधी बातचीत के लिए कभी दरवाजे खुले नहीं रखे। चिराग के मुताबिक, सहयोगी दलों से सीधे संवाद करने के बजाय इस पूरी प्रक्रिया को अपनी टीम के भरोसे छोड़ दिया गया।

तमिलनाडु में TVK के साथ सरकार बनाने को लेकर कांग्रेस पर सवाल

चिराग पासवान ने रविवार (29 नवंबर, 2026) को न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान तमिलनाडु के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस तमिलनाडु में सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही थी, तब उसने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन से बातचीत क्यों नहीं की?

इस दौरान उन्होंने कहा, ‘अगर उन्होंने ऐसा संवाद बनाकर रखा था, जैसे जब तमिलनाडु में सरकार बन रही थी, तो उन्होंने तब स्टालिन से बात क्यों नहीं की? सच्चाई ये है कि उन्होंने DMK की पीठ में छुरा घोंपा, एक ऐसी पार्टी जो उनके साथ हर दुख-सुख के वक्त में खड़ी रही थी.’

चिराग ने कांग्रेस पर अपने पुराने सहयोगी दल के साथ राजनीतिक विश्वास बनाए नहीं रखने का आरोप लगाया। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब परिसीमन विधेयक को लेकर INDIA गठबंधन के नेता एमके स्टालिन से मुलाकात करने की तैयारी कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी को भी लिया निशाने पर

केंद्रीय मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पार्टी पर महिला विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया। चिराग ने कांग्रेस और सपा के गठबंधन को लेकर भी सवाल खड़े किए और पूछा कि क्या इस राजनीतिक साझेदारी का मकसद केवल उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों तक सीमित है।

उन्होंने कांग्रेस और सपा पर महिला आरक्षण कानून को पहले भी रोकने का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों के मौजूदा राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *