UP Election 2027: अनुप्रिया पटेल की विजय संकल्प रैली से BJP को संदेश! कुर्मी-पटेल वोट बैंक और ज्यादा सीटों पर नजर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बीजेपी की सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) आज प्रयागराज में विजय संकल्प रैली का आयोजन कर रही है। पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल इस रैली को संबोधित करेंगी। इसके जरिए पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत और संगठन की मजबूती का प्रदर्शन करने की तैयारी में है। साथ ही कुर्मी-पटेल मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने पर भी विशेष जोर रहेगा।

सरदार पटेल मैदान में जुटेंगे पार्टी के नेता और कार्यकर्ता

प्रयागराज के सरदार पटेल मैदान में सुबह 11 बजे विजय संकल्प रैली आयोजित की जा रही है। इसमें अपना दल (एस) के विधायक और पार्टी के सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे। पार्टी की ओर से रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की तैयारी की गई है। इस आयोजन के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने समर्थक वर्ग के बीच राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का प्रयास करेगी।

ज्यादा सीटों के लिए BJP पर दबाव बनाने की रणनीति

विजय संकल्प रैली को अपना दल (एस) की आगामी चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी इस आयोजन के माध्यम से बीजेपी के सामने अपनी संगठनात्मक और चुनावी ताकत प्रदर्शित कर सकती है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटों पर दावेदारी पेश करने के लिए पार्टी इस शक्ति प्रदर्शन का इस्तेमाल करेगी।

कुर्मी-पटेल समुदाय पार्टी का प्रमुख वोट बैंक माना जाता है। ऐसे में अनुप्रिया पटेल और आशीष पटेल पिछले कई दिनों से रैली की तैयारियों में जुटे हैं। पार्टी का लक्ष्य अपने आधार वोट बैंक को मजबूत करने के साथ बीजेपी के साथ सीटों के बंटवारे में अपनी दावेदारी बढ़ाना भी है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल ने बताया कि इस रैली के माध्यम से पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा करने तथा उन्हें शासन और समाज में उचित भागीदारी दिलाने की लड़ाई को मजबूती दी जाएगी।

2022 में 17 सीटों पर लड़ी थी चुनाव, 12 पर मिली जीत

2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 12 पर पार्टी को जीत मिली थी। पांच सीटों पर उसके प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके अलावा रामपुर की स्वार विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। इस तरह पार्टी के विधायकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई थी।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार अपना दल (एस) विधानसभा चुनाव में पहले के मुकाबले अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। इसके लिए बीजेपी के सामने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाकर सीटों के बंटवारे में ज्यादा हिस्सेदारी हासिल करने की रणनीति अपनाई जा सकती है।

BJP से सीटों के बंटवारे पर अभी तस्वीर साफ नहीं

फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी अपना दल (एस) को कितनी सीटें देगी। इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच बातचीत और रणनीति के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। ऐसे में प्रयागराज की विजय संकल्प रैली को पार्टी की चुनावी तैयारियों और गठबंधन में अपनी दावेदारी मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *